मऊ के गठबंधन प्रत्याशी पर वाराणसी के लंका थाने में दर्ज हुआ मुकदमा, युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी लोकसभा सीट से गठबंधन के प्रत्याशी अतुल राय पर वाराणसी में मुकदमा दर्ज हुआ है। काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा ने अतुल राय पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
घोसी से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे गाजीपुर के बसपा नेता अतुल राय के खिलाफ काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पूर्व छात्रा ने अपने फेसबुक वॉल पर आरोपों को लेकर एक वीडियो भी अपलोड किया है। छात्रा का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
युवती ने लंका थाने में दर्ज मुकदमे में बताया कि अतुल राय 2015 से 2018 तक लंका स्थित एक अपार्टमेंट में उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे। किसी तरह से हिम्मत कर के युवती ने लंका पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।
लंका इंस्पेक्टर भारत भूषण तिवारी ने बताया कि पूर्व छात्रा की तहरीर पर अतुल राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ करने और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम घोसी रवाना कर दी गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्तार अंसारी के करीबी हैं अतुल राय
बता दें कि अतुल राय वर्तमान में मऊ के घोसी से लोकसभा चुनाव 2019 में सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी हैं। अतुल राय विधायक मुख्तार अंसारी के बेहद करीबी हैं।
बता दें कि मुख्तार अंसारी इस समय पंजाब की जेल में बंद हैं। वहीं, अतुल राय के दामन में भी कई आपराधिक दाग लगे हैं। वाराणसी के कई पुलिस स्टेशनों में अतुल राय के नाम पर कई मुकदमे दर्ज हैं।