UP: बेटी की विदाई के कुछ घंटे बाद किसान पर गिरी बिजली, मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; पहुंची पुलिस
Ghazipur News: गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से किसान पन्नालाल (55) की मौत हो गई। बेटी की विदाई के बाद वह शादी का टेंट और सामान समेट रहे थे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
विस्तार
UP News: गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। बेटी की शादी की खुशियां अभी घर से विदा भी नहीं हुई थीं कि अचानक हुए एक हादसे ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। बिजली गिरने से 55 वर्षीय किसान पन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार जगदीशपुर गांव निवासी पन्नालाल पुत्र श्यामलाल की पुत्री करीना की शादी शुक्रवार को धूमधाम से संपन्न हुई थी। शनिवार सुबह बेटी की विदाई के बाद घर के लोग शादी के बाद की व्यवस्थाएं समेटने में जुटे थे। पन्नालाल भी बारात के लिए लगाए गए टेंट, कुर्सियां और अन्य सामान को हटाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान दोपहर में अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शादी का सामान भीगने से बचाने के लिए पन्नालाल तेजी से उसे समेटने में लगे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। बिजली का तेज झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना परिवार तक पहुंची तो खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। पत्नी गीता, पुत्र विशाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बेटी की विदाई के कुछ ही घंटे बाद पिता की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पन्नालाल मेहनती, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। वह खेती-बाड़ी और पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
सैदपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत बिजली गिरने से हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।