{"_id":"6639215e261811f3ca0934e5","slug":"latest-top-crime-news-of-today-in-varanasi-2024-05-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi Top News: पीडीएम प्रत्याशी सहित दो नामजद और 15 अज्ञात पर मुकदमा सहित अन्य खबरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi Top News: पीडीएम प्रत्याशी सहित दो नामजद और 15 अज्ञात पर मुकदमा सहित अन्य खबरें
Tue, 07 May 2024 12:01 AM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Tue, 07 May 2024 12:01 AM IST
सार
Varanasi Top News: वाराणसी में सोमवार को फूलपुर थाने में पीडीएम प्रत्याशी सहित दो नामजद और 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पिंडरा में आयोजित कार्यक्रम बिना अनुमति के हुआ था। वहीं, दूसरा मामला कैंट थाने से जुड़ा हुआ है। एक व्यक्ति ने तहरीर देकर साइबर ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार उससे 3 लाख 22 हजार रुपये की ठगी की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की खबरें।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में पीडीएम प्रत्याशी गगन प्रकाश यादव, राजेश पटेल और 15 अज्ञात के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पिंडरा एफएसटी टीम-2 के प्रभारी डॉ. प्रदीप जायसवाल की तहरीर के पर की गई है। डॉ. जायसवाल के अनुसार, लागू आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में सोशल मीडिया पर चल रहे समाचार की जांच कराई गई।
विज्ञापन
रिपोर्ट के अनुसार, 30 अप्रैल को पीडीएम प्रत्याशी गगन प्रकाश यादव के प्रथम काशी आगमन पर पिंडरा में अपना दल कमेरावादी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजेश पटेल के नेतृत्व में स्वागत हुआ था। यह कार्यक्रम बिना किसी अनुमति किया गया है, जो कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। उधर, इस संबंध में गगन प्रकाश यादव ने कहा कि कार्यक्रम के एक हफ्ते बाद दर्ज हुआ मुकदमा सत्ता के दुरुपयोग का साक्षात प्रमाण है। जनता इसका जवाब जरूर देगी।
विज्ञापन
मुकदमा दर्ज करने पर पीडीएम प्रत्याशी ने उठाए सवाल
अपना दल के नेता स्व. सुरेंद्र पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन मामले में एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज होने पर पीडीएम प्रत्याशी गगन प्रकाश यादव ने सवाल उठाए। कहा कि यह सत्ता का खुला दुरुपयोग है। किसानों, बुनकरों का आवाज सरकार दबाना चाहती है। बनारस का कमेरा समाज, बुनकर और बेरोजगार नौजवान हर उत्पीड़न का जवाब देगा। उन्होंने भाजपा पर भी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया।
विज्ञापन
महिला से 3.22 लाख रुपये की ठगी
घर बैठे जॉब दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला से सात बार में 3 लाख 22 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिया। पीड़िता के पति की तहरीर पर कैंट थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अर्दली बाजार निवासी अमित मौर्या ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के पास अप्रैल में फोन आया। फोन करने वाले ने घर बैठे टास्क आधारित जॉब दिलाने का झांसा दिया।
इसके बाद अलग-अलग खातों में सात बार में विभिन्न बैंकों के खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसी तरह से प्रेमचंद नगर कॉलोनी के संगम यादव की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में उसकी मां के खाते से सात हजार रुपये की साइबर ठगी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गंगा में स्नान के दौरान डूब रहे दो युवकों को नाविकों ने बचाया
वाराणसी के अस्सी घाट पर गंगा में स्नान के दौरान सोमवार को दो युवक गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को डूबता देख उनके साथियों ने शोर मचाया। समीप ही सवारी बैठा रहे नाविक अंगद साहनी और उसका भाई अमन दोनों को बचाने के लिए नाव से गंगा में कूद गए। दोनों भाइयों ने दोनों युवकों को पकड़ कर गंगा से बाहर निकाला।
दोनों युवकों की पहचान प्रयागराज जिले के शिवकुटी थाना क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक कुमार और विवेक के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ परीक्षा देने के लिए रविवार को वाराणसी आए थे। चारों घूमते हुए अस्सी घाट पहुंचे और स्नान करने के लिए गंगा में उतर गए। दोनों युवकों और उनके दोस्तों ने नाविक भाइयों का आभार जताया।
खेत में मृत मिला, पहुंची पुलिस
कपसेठी (गड़हीपर) गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद उर्फ गम्मू (55) खेत में मृत मिला। कपसेठी थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। राजेंद्र प्रसाद मूलरूप से मिर्जापुर के खोलुआ सेमरा गांव का निवासी था। कपसेठी (गड़हीपर) में वह नवासा में रहता था। उसकी पत्नी फुलगेना देवी गांव के स्कूल में भोजन बनाती है। परिजनों के अनुसार, राजेंद्र शराब का आदी था।
बेटा धनंजय गांव में ही टेंट लगाने का काम करता है। सोमवार दोपहर शराब के नशे में धुत होकर राजेंद्र बेटे के पास जाकर हंगामा करने लगा। बेटे के शांत कराने पर घर पैदल चल दिए। शाम को परिजनों को जानकारी हुई कि घर से कुछ दूरी पर खेत में राजेंद्र पड़े हैं। कपसेठी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण अत्यधिक शराब पीकर चिलचिलाती धूप में खुले आसमान के नीचे काफी देर तक पड़े रहना लग रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आपराधिक प्रवृत्ति के 20 लोग जिलाबदर
लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने से लेकर अब तक आपराधिक प्रवृत्ति के 20 लोगों को कमिश्नरेट से जिलाबदर किया गया है। इनमें लंका थाने से प्रदुम्मन राजभर, सैयद सादाब, जितेंद्र कुमार यादव, रंजीत यादव व अजीत कुमार यादव, भेलूपुर थाने से गिरजा शंकर जायसवाल, मंडुवाडीह थाने से शेरु यादव उर्फ लूक्खा, अविनाश कुमार, नवीन राजभर, लालू यादव व संजीत उर्फ छोटू पंडित, आदमपुर थाने से विरजू, प्रकाश सेठ उर्फ राजा सेठ व शिवम गुप्ता उर्फ सागर, लालपुर पांडेयपुर थाने से विकास सिंह, अभिषेक पटेल व प्रमोद गुप्ता, रामनगर थाने से इरफान कुरैशी और कैंट थाने से फिरोज कुरैशी व नीरज सिंह शामिल हैं।
भेजता है अश्लील वीडियो, करता है पीछा
मिर्जापुर के विशुनपुरा, जमालपुर-अदलहाट निवासी सुनील शर्मा के खिलाफ लंका थाने में छेड़खानी और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नगवां में रहने वाली एक विवाहिता की तहरीर पर की गई है।
विवाहिता के अनुसार, सुनील शर्मा उसका पूर्व परिचित है। 17 अप्रैल को वह उनके घर में घुसकर मोबाइल छीनने लगा। शोर मचाने पर भाग निकला। किसी तरीके से सुनील उनका मोबाइल नंबर पा गया। अब उनके मोबाइल पर अश्लील वीडियो व मैसेज भेजता है। विरोध करने पर दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देता है। इसके अलावा घर से बाहर निकलने पर वह पीछा करता है।
चोरी के एक क्विंटल केबल के साथ दो गिरफ्तार
रेलवे और बिजली विभाग के एक क्विंटल केबल के साथ चौबेपुर थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान चौबेपुर थाना के नटान बस्ती, पंडापुर के सुभान नट और कमलेश राजभर के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि वह केबल से कॉपर निकाल कर उसे बेच देते हैं।
आठ किलो गांजा के साथ तीन हिरासत में
पहड़िया क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को छापा मारकर आठ किलो गांजा के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह पहड़िया क्षेत्र में भांग की एक दुकान पर गांजा पैकिंग का काम करते थे। मंगलवार को तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
तेल व्यवसायी की गद्दी से नकदी और लैपटॉप चोरी
रवींद्रपुरी कॉलोनी निवासी खाद्य तेल व्यवसायी अंकित अग्रवाल की मच्छोदरी स्थित गद्दी के छत के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर नकदी, लैपटॉप, जरूरी कागजात, सीसी कैमरे व डीवीआर, हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव चुरा ले गए। कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अंकित अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी गद्दी से एक लाख 32 हजार 479 रुपये नगद चोरी हुआ है।
चक्का गांव के प्रधान को दी जानमाल की धमकी
बड़ागांव के चक्का गांव के प्रधान मधुबन यादव को उन्हीं के गांव के एक युवक द्वारा मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रधान के प्रार्थना पत्र पर बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
ग्राम प्रधान ने पुलिस को बताया कि उनके गांव के सुग्रीव उर्फ सन्नी गौड़ के विरुद्ध धनेशरी गांव के लोगों द्वारा मुकदमा लिखाया गया है। जिसका उनसे कोई मतलब ही नहीं है। उसके बाद भी सुग्रीव उन्हें मुकदमा वापस न लेने पर जानमाल की धमकी दिया है।
आम तोड़ने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा
बड़ागांव के पश्चिमपुर अहरक गांव में रविवार की शाम आम तोड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुआ। दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एक पक्ष के लालजी का आरोप है कि अनिकेत उसके बगीचे में आम तोड़ रहा था। उसके बेटे जितेंद्र ने मना किया तो वह कैंची से वार कर उसे घायल कर दिया।
वहीं, अनिकेत कुमार का कहना है कि बगीचे में वाद-विवाद होने के बाद दूसरे पक्ष की भुटानी देवी, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र और वीरेंद्र लाठी-डंडा लेकर उसकी दुकान में चढ़कर तोड़-फोड़ किए। इसके बाद उसे और उसकी मां अमरावती देवी को मारपीट कर घायल कर दिए।
युवक का बैग लेकर भागा ऑटो चालक, केस
वाराणसी से पत्नी का इलाज कराने एसजीपीजीआई आए युवक का बैग लेकर एक ऑटो चालक भाग निकला। बैग में पत्नी की मेडिकल फाइल और 45 हजार रुपये रखे थे। इसके चलते महिला को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। पीड़ित ने पीजीआई थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
वाराणसी निवासी कमल सोनकर के मुताबिक, फाइल न मिलने के कारण वह पत्नी का इलाज भी नहीं करा पाए। इस मामले में इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही ऑटो चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक संस्थाएं लगवा रही हैं वाटर कूलर
शहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सामाजिक संस्थाओं की मदद से वाटर कूलर लगवाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की पहल पर कन्हैया लाल व बृजेश कुमार की ओर से गोदौलिया चौराहा पर मल्टीस्टोरी वाहन स्टैंड के पास दो वाटर कूलर लगावाए गए। मारवाड़ी युवा मंच, गंगा शाखा की ओर से आर्य महिला इंटर कालेज में वाटर कूलर लगवाया गया।
जल्द ही शहीद उद्यान, सिगरा में भी वाटर कूलर लगवाए जाएंगे। करौली डायग्नोस्टिक की ओर से 10 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। गंगा घाटों सहित 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। जहां नगर निगम के कर्मचारी पानी पिला रहे हैं।
काशी विद्यापीठ में कैंपस साक्षात्कार मंगलवार को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से आठ मई को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि एक्सिस बैंक के सहयोग से विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कैंपस साक्षात्कार होगा।
साक्षात्कार विश्वविद्यालय परिसर में स्थित बौद्ध भवन के तृतीय तल पर पं. दीन दयाल उपाध्याय शोधपीठ के हाल में सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता धारक विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर व्यापारियों ने किया मंथन
वाराणसी। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर मलदहिया में सोमवार को आरएसएस कुटुंब प्रबोधन की बैठक हुई। श्रीविश्वकर्मा सभा, फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल, वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल, हिंदू बुनकर कल्याण समिति, लोहा व्यापार समिति के व्यापारियों ने अपने सुझाव और विचार रखे।
कुटुंब प्रबोधन संयोजक डॉ. शुकदेव ने व्यापारियों से कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में लोगों का वोटर लिस्ट में नाम की जांच करें, जिनका नहीं है उन्हें, ऑनलाइन फार्म भरवाएं और लोगों को 1 जून को मतदान करने के लिए जागरूक करें। बैठक में दयाशंकर मिश्र, सोमनाथ विश्वकर्मा, डॉ. रामचंद्र शर्मा, अनिल शर्मा, मनोज जायसवाल मौजूद रहे।
थाई बॉक्सिंग में वाराणसी की टीम ने जीती ट्रॉफी
उत्तर प्रदेश स्टेट थाईबाक्सिंग चैंपियनशिप सोमवार को वरुणा स्थित एक स्कूल में हुई। इसमें वाराणसी की टीम ने ट्रॉफी जीता। प्रतियोगिता में 15 जिलों के 282 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर थाई बाक्सिंग एसोसिएशन के सचिव सैयद इमरान हुसैन, मनीषा रानी, नंदिता सिंह, रामलखन शास्त्री, डॉ. केएन मिश्र आदि मौजूद रहे।
सामनेघाट में ट्यूबेल खराब होने से बढ़ी पानी की समस्या
वाराणसी के सामने घाट के बालाजी नगर कॉलोनी में लगा ट्यूबवेल का मोटर पिछले एक सप्ताह से खराब हो गया है। इसके चलते कॉलोनी के लोगों के सामने भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। लोग अगल-बगल के घरों में लगे समरसेबल और हैंड पंप की मदद से अपनी प्यास बुझा रहे हैं। पानी की समस्या से जूझ रहे कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने जलकल के अधिकारियों के साथ ही स्थानीय पार्षद से भी शिकायत की थी।
इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कॉलोनी के महेंद्र नाथ, गोपेश कुमार, विनोद सिंह, रंजीत पटेल, आलोक पांडेय, विपुल कुमार राय ने बताया अभी कॉलोनी में लगा ट्यूबवेल पिछले सप्ताह से खराब होने से पानी की दिक्कत आ रही है। पहले तो पानी धीमी गति से आता था इन दिनों वह भी नहीं आ रहा है। इसके लिए जलकल और पार्षद से शिकायत की है। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि मंगलवार तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना प्रदर्शन केलिए बाध्य होना पड़ेगा। कहने केबाद भी जलकल ने वाटर टैंकर की व्यवस्था नहीं की। पार्षद अमित सिंह ने बताया कि मोटर जलने से पानी की समस्या हुई है। जलकल केअधिकारियों से बात कर मोटर की मरम्मत कराई जा रही है।
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से ककरमत्ता पुल पर लगा रहा पानी
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के चलते ककरमत्ता पुल के पास पानी लग रहा है। जिससे आने जाने वालों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान जेसीबी से सीवर और पेयजल लाइन टूट गई है। जिससे पानी पुल के पास बह रहा है। इसके अलावा पास में ही एक ट्यूबवेल लगाया जा रहा है। देर रात में कंप्रेसर मशीन से ट्यूबवेल की सफाई कराने केदौरान भी पानी सड़क पर बह रहा है।
सुबह शाम जब वाहनों का दबाव होता है तो उस दौरान पानी के छीटें लोगों पर पड़ते हैं। इसे लेकर कई बार कहासुनी होने लगती है। क्षेत्र के पवन गुप्ता ने बताया कि आए दिन पुल के पास समस्या आ रही है। अभी नाले की खोदाई के लिए सड़क को खराब कर दिया। नीचे पेयजल और सीवर की पाइप लाइन है। ऊपर नाला है। मनोज सिंह ने कहा कि बेहतर ढंग से काम करते तो आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जलनिगम को पाइप लाइन मरम्मत और शिफ्टिंग का पैसा दिया गया है। उनकी ओर से काम कराया जा रहा है। जल्द ही यहां की समस्या का समाधान हो जाएगा।
वीडीए कार्यालय में कर्मचारियों के सेहत की जांच
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) कार्यालय में सोमवार को लगे स्वास्थ्य शिविर में 118 कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया जबकि 102 लोगों की जांच हुई। इस दौरान 30 कर्मियों की ईसीजी भी हुई। डॉक्टरों की सलाह पर कुछ लेागों को जरूरी दवाइयां भी दी गई। शिविर में उच्च रक्तचाप समेत पैथोलॉजी जांच में शुगर, आरबीएस, एलएफ़टी, केएफ़टी आदि सेवाओं का भी कर्मचारियों ने लाभ उठाया। इस दौरान सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार दुबे तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ में काउंसलर अजय श्रीवास्तव एवं सोशल वर्कर संगीता सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
सीएचसी चोलापुर के अधीक्षक को प्रमुख सचिव ने भेजा सम्मान पत्र
वाराणसी में सामुदायिक स्वास्थ्य चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आरबी यादव को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सम्मान पत्र भेजकर सम्मानित किया। इसमें उन्होंने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) सर्टिफाइड होने पर बधाई दी। कहा कि सीएचसी चोलापुर ने वर्ष 2023-24 में 82.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 'नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस एवं मुस्कान सर्टिफिकेशन’ प्राप्त किया। इससे स्पष्ट है कि स्वास्थ्य विभाग नित नई उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए अग्रसर है।
इसके अलावा प्रमुख सचिव ने सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी समेत सभी डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक सहित अन्य लोगों को भी सइककेलिए शुभाकामनाएं दी। अधीक्षक ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में 24 घंटे सातों दिन प्रसव की सुविधा, मरीज को भर्ती कर इलाज की सुविधा, इमरजेंसी, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, टेली-मेडिसिन, फार्मेसी, एक्स-रे, ऑपरेशन एवं ओपीडी चलती है।
काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से दी गईं पुस्तकें
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से संस्कृत भाषा संवर्धन अभियान के तहत वस्त्र तथा पाठ्य पुस्तकों का वितरण जारी है। सोमवार को मुमुक्षु भवन वेद वेदांग महाविद्यालय में विद्यार्थियों को उनकी आगामी कक्षा के पाठ्यक्रम की पुस्तकें एवं संदर्भ निदेशिका उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही महाविद्यालय के शिक्षकों को भी उनके शिक्षण कार्य के लिए उपयोगी पुस्तकों का सेट उपलब्ध कराया गया।
बच्चों ने निकाली रैली
वाराणसी के रोहनिया आराजी लाइन विकासखंड के भवानीपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय पर सोमवार को मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्रों ने लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान हेतु जागरूक किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने शत प्रतिशत मतदान करने के लिए संकल्प दिलाते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने अपने अभिभावकों तथा आसपास के लोगों को 1 जून को मतदान के दिन अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में रविंद्र कुमार मौर्य, मालती देवी, चंद्रमणि पांडेय, आशुतोष त्रिपाठी, राजेंद्र प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।
मासिक स्वास्थ्य को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
वाराणसी के सेवापुरी स्थित कन्हैया सिंह महिला महाविद्यालय में पूर्णिमा एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को मासिक स्वास्थ्य को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता प्रियंका मिश्रा और आकांक्षा सिंह ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। साथ ही बच्चियों ने अपनी कई समस्याएं सामने रखी। कई ऐसे विषयों पर भी बात हुई, जिसकी आम तौर पर चर्चा करने में छात्राएं संकोच करती हैं। महाविद्यालय की ओर से नीरज सिंह व धीरज सिंह कार्यक्रम में सक्रिय रहे।
एनसीसी कैडेट में पढ़ाए जाएंगे एआइ ड्रोन, राडार की तकनीक
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) अपने नए प्रशिक्षण में बदलाव करने जा रहा है। इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। अब उन्हें अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई, ड्रोन, राडार तकनीक के प्रति अध्ययन कराया जाएगा साथ ही उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेंगा। जबकि वर्तमान समय में तकनीक के लिए प्रयोग किए जा रहे युद्ध कौशलों से कैडेट को पहले ही रूबरू कराया जा रहा है।
7 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के अधिकारी ने बताया कि अभी कैडेटों छोटे हथियार और परेड में बुनियादी सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है। जिससे समय पड़ने पर वह सुरक्षा कर सके। लेकिन जिस तरह समय बदल रहा है, उसके आधार पर अधिक से अधिक जवानों को टेक्निकल की जानकारी रहे। सेना का लक्ष्य है कि एनसीसी के बाद अग्निवीर में भर्ती होने वाले जवानों को टेक्निकल की जानकारी पहले से रहे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसकी तैयारी की जा रही है, जल्द ही यह शुरू किया जाएगा।
सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियरों को दी किताबें
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में सोमवार को पुस्तकोपहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियरों को अपनी पुस्तकें भेंट की। प्राचार्य ने डॉ. चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से करा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण के प्रति बच्चों को सचेत करना और आपस में सहयोग की भावना का विकास करना है। इस अवसर पर प्राचार्य ने शिक्षकों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय की पुस्तकालयाध्यक्ष ज्योति व शिक्षक उपस्थित रहे।
बीएचयू में गैर शैक्षणिक कर्मचारी शिकायत निवारण समिति का गठन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने गैर शैक्षणिक कर्मचारी शिकायत निवारण समिति का पुनर्गठन किया है। भौमिकी विभाग के प्रो. विंध्याचल पांडेय समिति के अध्यक्ष होंगे। प्रो. अभिनव शर्मा, प्रो. बनी ब्रता महंता, प्रो. प्रदीप कुमार सिंह, प्रो. अमित गौतम, प्रशांत मिश्रा और शिव कुमार शरण समिति के सदस्य बनाए गए हैं। संयुक्त कुलसचिव/ उप कुलसचिव (प्रशासन गैर शिक्षण) सदस्य सचिव होंगे।
महिला क्रिकेट के फाइनल में पहुंची कला संकाय की टीम
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से अंतर संकाय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता को सेमीफाइनल मुकाबला सोमवार को एम्फीथिएटर मैदान पर खेला गया। इसमें कला संकाय की टीम ने आर्य महिला पीजी कॉलेज को छह विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
आयोजन सचिव डॉ़ वैभव राय ने बताय कि अंतर संकाय क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता में आर्य महिला पीजी कॉलेज की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसमें निर्धारित आठ ओवर खेलकर तीन विकेट के नुकसान पर 36 रन बनाए। जवाब में कला संकाय की टीम ने चार ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो़ एसवीएस राजू, महासचिव, प्रो़ बीसी कापरी, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. राजीव सिंह आदि मौजूद रहे।