मां गंगा की गोद में दीपदान: सीएम योगी की मां को दी श्रद्धांजलि, श्रद्धालुओं ने रखा दो मिनट का मौन; गंगा आरती
दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी गई। अर्चकों और गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने दीपदान किया। श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखा। वहीं, मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
विस्तार
काशी के गंगा घाट पर शनिवार को भक्ति के साथ संवेदना और श्रद्धा का भाव भी दिखाई दिया। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। अर्चकों और गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने मां गंगा की गोद में दीपदान कर उनकी आत्मा की शांति और सद्गति के लिए बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ से प्रार्थना की। इस दौरान आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गंगा आरती के दौरान पूरा दशाश्वमेध घाट शोक और श्रद्धा के भाव से सराबोर नजर आया। मां गंगा के तट पर दीपदान के साथ दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की गई। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। यही काशीवासी बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ और मां गंगा से कामना करते हैं।
उधर, मुख्यमंत्री की माता को श्रद्धांजलि देने के लिए त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी की ओर से मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ के केंद्रीय कार्यालय में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें संगठन की जिला और महानगर इकाई के साथ 12 मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में रामनाथ महाराज, अम्बरीष सिंह भोला, सुनील सिंह, आशुतोष सिंह आशु, मनीष मिश्रा, सुनील कुशवाहा, अजय सिंह, सन्नी गुप्ता, रुद्र पांडेय, ओमप्रकाश जायसवाल, नीतिश सिंह और दिनेश अग्रहरि सहित अन्य लोग मौजूद रहे। काशी में गंगा आरती से लेकर सामाजिक संगठनों की श्रद्धांजलि सभा तक, लोगों ने शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
