वाराणसी के किशन चौबे और चंदौली के राहुल सिंह सेना में लेफ्टिनेंट बने, गांव में हर्ष
वाराणसी के चोलापुर ब्लाक के बाबतपुर गांव के रहने वाले तरुण चौबे के पुत्र किशन चौबे और चंदौली के ओदरा गारोपुर गांव निवासी राहुल सिंह के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर उनके गांव में हर्ष है।
विस्तार
वाराणसी के चोलापुर ब्लाक के बाबतपुर गांव के रहने वाले तरुण चौबे के पुत्र किशन चौबे और चंदौली के ओदरा गारोपुर गांव निवासी राहुल सिंह के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर उनके गांव में हर्ष है। राहुल सिंह के पासिंग परेड के बाद लेफ्टिनेंट बनने पर गांव में खुशी की लहर छा गई है।
ओदरा गारोपुर निवासी भूपेंद्र नाथ सिंह के पुत्र राहुल सिंह का आर्मी में दो नवंबर 2020 में सेलेक्शन हुआ था। ज्वाइनिंग के तीन महीने की ट्रेनिंग होने के बाद फाइनल प्लेट परेड पास करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट के पद तैनात कर दिया गया। गांव के लोगों ने फोन कर राहुल के साथ पिता को बधाई दी।
राहुल ने पिता के साथ में रहकर आर्मी स्कूल में ही शिक्षा ग्रहण की। पंजाब के सीटी ग्रुप इंस्ट्यूट में बीटेक में राहुल कॉलेज का टॉपर छात्र रहे। राहुल दूसरे प्रयास में वर्ष 2019 में कड़ी मेहनत के बल पर भोपाल के एसएसबी सेंटर में अपने बैच के 320 छात्रों में टॉप करके जिले का नाम भी रोशन किए।
पिता भूपेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि बच्चों के भविष्य को देखकर के मैं उनकी मजबूत शिक्षा के लिए यहीं पर आज तक रूका हुआ हूं, जिसका फल आज प्रभु ने दे दिया। कहा कि छोटा बेटा कक्षा दसवीं में आर्मी स्कूल में ही पढ़ाई कर रहा है। उसे भी उच्च शिक्षा दिलाने के बाद ही गांव लौटने का इरादा बनाया है।
किशन चौबे का गांव में स्वागत
वाराणसी के चोलापुर ब्लाक के बाबतपुर गांव के रहने वाले तरुण चौबे के पुत्र किशन चौबे का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है। रविवार को पैतृक गांव बाबतपुर में उनका स्वागत किया गया। किशन ने जालपा माता मंदिर में मत्था टेक कर अपने पद के प्रति समर्पित भाव से पूजन अर्चन किया। बाबतपुर के शिक्षक तरुण चौबे मुंबई में शिक्षक हैं। उनका पुत्र किशन चौबे वहीं पर तैयारी कर लेफ्टिनेंट बना। इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा किशन ने परिजनों के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया।