वाराणसी: नए साल से बनेगा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, दिसंबर को पूरी हो जाएगी टेंडर प्रक्रिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा तट से विश्वनाथ मंदिर तक बनने वाले काशी पुराधिपति का भव्य दरबार नए साल से आकार लेगा। प्रदेश सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही समय से काम शुरू होने की उम्मीद भी है। 318.67 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत गंगा घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर तक 50 हजार वर्गमीटर के क्षेत्र को भव्य रूप दिया जाएगा।
काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के लिए 12 दिसंबर को प्री बिड किया जाएगा और 26 दिसंबर को टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण करने वाली कंपनी का चयन कर लिया जाएगा।
ऐसे में माना जा रहा है कि जनवरी 2020 के प्रथम सप्ताह से ही काशी विश्वनाथ धाम का काम विधिवत शुरू होगा और सब कुछ ठीक रहा तो 18 महीने में बाबा का भव्य मंदिर तैयार किया जाएगा। पहले चरण में मंदिर परिसर और दूसरे चरण में गंगा घाट क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। तीसरे चरण का काम गंगा तट पर स्थित नेपाली मंदिर से लेकर ललिता घाट, जलासेन घाट और मणिकर्णिका घाट के आगे सिंधिया घाट तक का हिस्सा शामिल है।
एक किलोमीटर लंबे इस क्षेत्र से श्रद्धालु स्नान करके आसानी से मंदिर तक दर्शन पूजन करने के लिए जा सकेंगे। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि 26 दिसंबर तक कंपनी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसका टेंडर ईपीसी (इंजीनियरिंग प्रेक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) के तहत किया जाएगा।