काशी विद्यापीठः छात्रसंघ चुनाव में जमकर बवाल, छात्रगुटों के बीच पथराव, लाठीचार्ज
भारत माता मंदिर से लेकर इंग्लिशिया लाइन चौराहे तक कई चक्रों में छात्रों के बीच झड़प हुई। इस दौरान पुलिस से भी समर्थकों की नोकझोंक हुई।पुलिस ने जब लाठी पटक पर उन्हें खदेड़ने की कोशिश की तो छात्रों ने पथराव कर दिया।
दोपहर डेढ़ बजे के करीब मतदान केंद्र मानविकी संकाय के समाने अन्नपूर्णानगर कालोनी मार्ग पर जमकर ईंट पत्थर चले। कई गाडि़यों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। काफी देर तक यहां अफरा तफरी का माहौल रहा।
शुक्रवार को काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव में सुबह पूरे उत्साह के साथ मतदान हुआ। सुबह 11 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग हुई। करीब साढ़े ग्यारह बजे घंटी मील चौराहे के बाद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राहुल दुबे और वाल्मिकी उपाध्याय के समर्थकों में मारपीट हो गई।
रणक्षेत्र बनी सड़क
सवा एक बजे के करीब मानविका संकाय के बाहर विद्यापीठ रोड पर एक बार फिर से इन्हीं दोनों समर्थकों के बीच झड़प हुई तो पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ दिया। इससे आक्रोशित समर्थक पथराव करने लगे।
इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे वाल्मिकी गुट के समर्थक अन्नपूर्णानगर स्थित राहुल दुबे के चुनाव कार्यालय के पास खड़े समर्थकों पर पथराव कर दिया। यहां दोनों ही तरफ से खूब ईंट पत्थर चले।
वहां खड़ी दर्जन भर गाडि़यों को क्षतिग्रस्त कर दिया। यहां एक बैंक और कोचिंग संस्थान पर भी पथराव किया गया। पथराव में कई छात्र चोटिल हुए हैं। पुलिस ने लाठी भांजकर किसी तरह माहौल शांत कराया। बवाल के दौरान कालोनी वासियों, राहगीरों में काफी दहशत रही।