कार्तिक पूर्णिमा महास्नान: आधी रात के बाद से ही शिवरामपुर गंगा तट पर स्नानार्थी लगाने लगे आस्था की डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा महास्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार दोपहर बाद से ही लोगों के कदम गंगा घाटों की ओर बढ़ने लगे। श्रद्धालु करीब सात किलोमीटर पैदल चलकर शिवरामपुर गंगा तट पहुंचे। आधी रात के बाद से स्नानार्थियों ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर तीन बजे से शहर की सीमाएं सील कर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
विस्तार
महर्षि भृगु की तपोस्थली व पावन धरा पर सोमवार की शाम को हर कदम कार्तिक पूर्णिमा गंगा महास्नान के लिए कदम बढ़ चले। भीड़ को देखते हुए सोमवार दोपहर तीन बजे से शहर की सीमाएं सील हो गईं। वाहनों के प्रतिबंध के कारण आम लोगों को पेरशानी का सामना करना पड़ा। छह से सात किमी पैदल चलकर शहर के एक छोर से दूसरे छोर पर लोग पहुंचे। आधी रात से कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान शिवरामपुर गंगा तट पर शुरू हो गया।
कार्तिक पूर्णिमा महास्नान के दिन शिवरामपुर घाट समेत जिले के विभिन्न घाटों पर दस लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने की उम्मीद है। शहर से गंगा तट तक जाने वाले मुख्य महावीर घाट मार्ग को दुरुस्त कर लिया गया है। मंगलवार को दिनभर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे।
श्रद्धालुओं का कारवां सोमवार दोपहर बाद से ही शहर के महावीर घाट मार्ग होते हुए शिवरामपुर गंगा घाट की ओर चल पड़ा। घाट पर पहले से ही साधु-संत डेरा जमाए हुए थे। इनके पंडालों में भजन-कीर्तन व प्रवचन का दौर लगातार जारी है। अधिकांश श्रद्धालु इन्हीं पंडालों में शाम को शरण लिए। महावीर घाट से संगम तट तक जाने वाले मार्ग और खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग की गई है।
जिला प्रशासन की ओर नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे। स्नान करने के बाद श्रद्धालु दान-पुण्य भी करेंगे। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने घाट का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसका पूरा ख्याल रखा गया है। उनकी मदद के लिए जवानों को लगाया गया है।
गंगा मइया की मंगल गीत गाते महिलाएं बढ़ रही थी आगे
शहर से शिवरामपुर गंगा तट पर स्नानार्थियों के पहुंचने का सिलसिला दोपहर से शुरू हो गया था। जैसे-जैसे शाम होती गई श्रद्धालुओं के जाने की संख्या बढ़ती गई। रात तक संगम तट पर लाखों लोग जुट गए। रेलवे स्टेशन, रोडवेज व निजी साधन से लोग पहुंचे, महिलाएं सिर पर गठरी व बैग लेकर गंगा मइया की मंगल गीत गाते हुए घाट पर पहुंच रही थी।
मदद के लिए संस्थाओं ने बढ़ाया हाथ
शहर से लेकर गंगा तट जाने वाले मार्ग पर स्वयं सेवी संस्थाओं व पार्टी के नेताओं ने श्रद्धालुओं के मदद के लिए हाथ बढ़ाया। इसके लिए जगह-जगह शिविर लगाकर लोगों को पीने का पानी, चाय, नाश्ता, दवा आदि की व्यवस्था किए थे। श्रद्धालु भी इसका पूरा लाभ उठा रहे थे। शिविर के माध्यम से दातुन आदि भी वितरित किया गया।
घाट पर बाटी-चोखा बनाया: दोपहर बाद गंगा तट पर पहुंचे श्रद्धालुओं की टोली बालू की रेती पर बाटी-चोखा लगाने में जुटी रही। इसके लिए वह साथ में ही सामग्री लेकर गई थी। उसके बाद सभी ने भोजन ग्रहण किया।
बाबा बालेश्वर व भृगु मंदिरों में रही भीड़
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के पूर्व शहर व उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने महर्षि भृगु व बाबा बालेश्वर मंदिर में पौराणिक मान्यता के अनुसार हजार बत्ती जलाई। इसके लिए मंदिर में लंबी लाइन लगी रही। उसके पश्चात बाबा दरबार में मत्था टेक स्नान के लिए रवाना हुए।
रोडवेज बसों से ग्रामीण क्षेत्र से आती रही भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु रोडवेज बस से आते रहे। परिवहन निगम की तरफ से 140 बसों का संचालन किया गया था। जिले के हर तहसील से बसें चलाई गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। एआरएम महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखा गया है। रात भर बसों का संचालन जारी रहेगा।
इन मार्गों से गंगा घाट तक पहुंचे श्रद्धालु
- शहर के महावीर-गायत्री मंदिर होते हुए शिवरामपुर घाट
- धीरक्षन बाबा कुटिया होते हुए शिवरामपुर घाट
- जनेश्वर मिश्र सेतु से उतर कर शिवरामपुर घाट
2000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी, जल पुलिस और गोताखोरों ने संभाली कमान
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व और ऐतिहासिक ददरी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। दो ड्रोन और 236 सीसी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई। वहीं, जोन के 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी, होमगार्ड और जल पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। गंगा में स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए नावों पर पुलिसकर्मियों और गोताखोरों की टीमें तैनात की गई थीं।
ददरी मेला के पशु मेला स्थित कैंप कार्यालय में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जवान निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर समय से पहुंचें और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। ब्रीफिंग के बाद एसपी ने ददरी मेला परिसर में बने पुलिस बैरक, मेस, बम डिस्पोजल दस्ते और डॉग स्क्वायड की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वायड को भी सक्रिय रखा गया। दोपहर में डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी डॉ. ईराज राजा ने गंगा घाटों, मंदिरों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सात जोन और 16 सेक्टर में बांटकर की निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच सीओ, 35 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 250 हेड कांस्टेबल और करीब 900 कांस्टेबल समेत भारी पुलिस बल लगाया गया। दो प्लाटून पीएसी के साथ जल पुलिस, एनडीआरएफ, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी जिम्मेदारी सौंपी गई। घाट और मेला क्षेत्र को सात जोन और 16 सेक्टर में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई। वाच टावरों और कंट्रोल रूम से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
तीन बजे के बाद शहर की सीमा में वाहन की एंट्री बंद
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 23 और 24 नवंबर को रूट डायवर्जन और नो-एंट्री लागू रही। सोमवार दोपहर तीन बजे से शहर की सीमा में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। स्नानार्थियों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा गया। एंबुलेंस, दमकल और प्रशासनिक वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई।
