काल भैरव मंदिर: दलालों व पॉकेटमारों पर नजर रहेगी नजर, लगेंगे 6 हाईटेक कैमरे; संदिग्ध चेहरों की होगी पहचान
Varanasi News: काल भैरव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। मंदिर परिसर और आसपास दलालों व पॉकेटमारों पर नजर रखने के लिए छह नए हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे संदिग्ध चेहरों की पहचान करने में सक्षम होंगे। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा बढ़ाने और मंदिर परिसर में होने वाली अव्यवस्थाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
विस्तार
Kaal Bhairav Temple Varanasi: काल भैरव मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं से दलाली, जबरन प्रसाद-माला खरीदवाने और पॉकेटमारी की बढ़ती शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में अब 6 नए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से संदिग्ध गतिविधियों और बार-बार नजर आने वाले चेहरों पर नजर रखी जाएगी। फिलहाल मंदिर परिसर में 16 सीसीटीवी कैमरे पहले से लगे हुए हैं।
अब मंदिर के बाहर की 6 से 7 प्रमुख गलियों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त कैमरे लगाए जाने की योजना बनाई गई है, ताकि मंदिर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में मंदिर क्षेत्र में सक्रिय दलालों, जेबकतरों और श्रद्धालुओं से अभद्रता की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।
कई श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया था कि दर्शन कराने के नाम पर कुछ लोग जबरन पैसे वसूलते हैं, जबकि प्रसाद और माला बेचने वाले कुछ तत्व दबाव बनाकर सामान खरीदने के लिए मजबूर करते हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।
पुलिस ने मंदिर महंत परिवार के साथ बैठक कर कैमरे लगाने के स्थानों का निरीक्षण किया। तय किया गया कि सभी कैमरों की निगरानी के लिए मंदिर परिसर में ही एक मॉनिटरिंग रूम बनाया जाएगा, जहां से पुलिस और मंदिर प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद मंदिर क्षेत्र में सक्रिय दलालों, पॉकेटमारों और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले तत्वों पर काफी हद तक नियंत्रण लगाया जा सकेगा। खासकर भीड़भाड़ वाले दिनों में संदिग्ध लोगों की पहचान करना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।
