जन्माष्टमी 2021: शिव की नगरी काशी में फूलों से सजेगी नटवरनागर की झांकी, इस्कॉन मंदिर में होंगे आयोजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में प्रभु के विग्रहों को देश-विदेश के सुंदर फूलों से सजाया जाएगा। कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है। दो दिवसीय आयोजन की शुरूआत 30 अगस्त से होगी। यह जानकारी इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अच्युत मोहन दास ने शनिवार को प्रेसवार्ता में दी।
मंदिर अध्यक्ष अच्युत मोहनदास ने बताया कि कोरोना के वैश्विक संकट को देखते हुए मंदिर में इस बार जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं को शारीरिक दूरी का पालन करवाते हुए दर्शन की व्यवस्था की गई है। भक्त कतारबद्ध होकर भगवान का दर्शन करेंगे। बिना मास्क के किसी को भी मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 30 अगस्त को प्रथम दिन इस्कॉन मंदिर एवं भगवान के विग्रहों को फूलों से सजाया जाएगा।
ब्रह्म मुहूर्त में भगवान की विशेष मंगला आरती, तुलसी आरती एवं शृंगार आरती की जाएगी। इस बार श्री कृष्ण जन्म के अवसर पर इस्कॉन के भक्तों द्वारा 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन भी किया गया है। शाम 6 बजे से 9 बजे तक ऑनलाइन कीर्तन मेला आयोजित होगा। इस अवसर पर रात 10 बजे से 11 बजे तक श्रीकृष्ण कथा पर प्रवचन किया जाएगा। तत्पश्चात 11 बजे भगवान का कलश महाभिषेक एवं रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म पर भगवान को भोग अर्पण कर महाआरती की जाएगी। रात्रि 10 बजे के बाद होने वाले कार्यक्रम में मंदिर में रहने वाले भक्त ही मौजूद रहेंगे।
स्वामी प्रभुपाद का मनेगा आविर्भाव दिवस
अच्युत मोहनदास ने बताया कि जन्माष्टमी के दूसरे दिन मंगलवार को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य कृष्णकृपामूर्ति श्री ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का 125 वां आविर्भाव दिवस नंदोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर में विशेष कार्यक्रम होंगे।
दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक 108 महाभोग अर्पण एवं आरती के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। जन्माष्टमी पर आयोजित सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण इस्कॉन वाराणसी के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। कोरोना संक्रमण काल में घर पर रहकर भी श्रद्धालु सभी कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे।
महंत आवास पर सजाई जाएगी झांकी
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी के आवास पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 30 अगस्त को प्रभु की भव्य झांकी सजाई जाएगी। डॉ. तिवारी ने बताया कि महंत परिवार की परंपरा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झृले पर झांकी सजाई जाएगी।
टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर सायंकाल विविध धार्मिक अनुष्ठान पांच वैदिक ब्राह्मणों द्वारा संपादित किए जाएंगे। इसके उपरांत भक्ति संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पं. अमित शंकर त्रिवेदी, आराधना सिंह एवं स्नेहा अवस्थी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के भजन गाए जाएंगे। रात्रि आठ बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा।