Varanasi News: अहिल्याबाई की मूर्तियां तोड़ने के मामले में जांच की मांग, होल्कर ट्रस्ट ने PM-CM को भेजा पत्र
Varanasi News: खासगी देवी अहिल्याबाई होल्कर ट्रस्ट के अध्यक्ष यशवंत होल्कर ने इस मामले में वाराणसी के कमिश्नर, नगर आयुक्त से मिलकर उन्हें पत्र सौंपा है। इसके साथ ही पीएम मोदी और सीएम योगी से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
खासगी देवी अहिल्याबाई होल्कर ट्रस्ट के अध्यक्ष यशवंत होल्कर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने यह वीडियो नाव पर बैठकर मर्णिकर्णिका घाट के सामने बनाया। कहा कि यहां लगी रानी अहिल्याबाई की मूर्तियों को तोड़ा जाना अक्षम्य है। मैंने कमिश्नर एस राजलिंगम और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मिलकर इस पर आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र भेजा है। मूर्तियों को तोड़ने और उसकी जांच व कार्रवाई करने की मांग की है।
यशवंत होल्कर ने कहा कि वह यहां के अफसरों के संपर्क में हैं और उन्हें उनसे पूरा सहयोग मिल रहा है। अफसरों ने उन्हें बताया है कि मूर्तियों को संरक्षित कर लिया गया है। घाट का निर्माण होने के बाद मंदिर का निर्माण और मढ़ी निर्माण में उन्हें वापस वहां लगाया जाएगा।
जांच कर होगी कार्रवाई
यशवंत होल्कर ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई की मूर्तियों का टूटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह गंभीर चूक है और क्षमा योग्य नहीं है। माता की प्रतिमा बहुत प्राचीन है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने प्रशासन से प्रतिमाएं भी मांगी हैं ताकि उन्हें मढ़ी निर्माण पूरा होने तक उन्हें स्थापित कराकर उनका पूजन कराया जा सके।
इसके लिए वह पुजारियों को भी नियुक्त कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हम मां से प्रार्थना करते हैं कि जिन लोगों ने भी यह गलती की है, उन्हें माफ करें। दूसरी ओर अफसरों का कहना है कि गुरुधाम मंदिर में मूर्तियां संरक्षित हैं। मणिकर्णिका प्रोजेक्ट पूरा होते ही उन्हें संरक्षित किया जाएगा।