लोकसभा चुनाव में हार पर 'निरहुआ' ने कही बड़ी बात, बोले- आजमगढ़ को देने के लिए है बहुत कुछ
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' भले ही हार गए हो, लेकिन आजमगढ़ की धरती से उनका लगाव वैसा ही नजर आ रहा है। शायद यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को 'निरहुआ' आजमगढ़ पहुंचे। 'निरहुआ' ने योग दिवस के शुभारंभ का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।
इस दौरान 'निरहुआ' पत्रकारों से भी मुखातिब हुए। स्मृति ईरानी से मिले मंत्र के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दीदी से क्षेत्र के विकास के लिए कई सीख मिली है। जिसका प्रयोग आजमगढ़ संसदीय सीट पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाराणसी गोरखपुर रेलवे लाइन को लेकर फिर से प्रयास शुरू कर दिया गया है। यह उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसे लेकर रेल मंत्री से भी मुलाकात हो चुकी है। जल्द ही इस बारे में अच्छी सूचना मिलेगी। इसके साथ ही घाघरा नदी को तमसा से जोड़ने के बारे में जल संसाधन मंत्री से बातचीत भी हुई है।
'निरहुआ' ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में जिस तरह जनता ने हमें वोट दिया, हम अपने को हारा नहीं मान रहे हैं। इन सब के बावजूद मैं आजमगढ़ के विकास के लिए जनता के बीच रहूंगा। आजमगढ़ को देने के लिए बहुत सारी योजनाएं हैं।
गठबंधन पर भी कसा तंज
'निरहुआ' ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की मदद से जिले के विकास के लिए प्रयत्नशील रहूंगा। निश्चित ही 2024 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ में कमल खिलेगा।
गठबंधन के बहाने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि हमने तो पहले ही कहा था कि यह छलबंधन बहुत दिनों तक नहीं चलेगा। चुनाव बाद वही हुआ और मायावती ने अपना समर्थन वापस ले लिया। लेकिन अभी भी अखिलेश यादव आशा में हैं और अपने केंद्रीय कार्यालय में मायावती की फोटो लगाए हुए हैं।