Indian Railway: QR कोड स्कैन कीजिए, जनरल टिकट लीजिए; UP के इस स्टेशन पर शुरू हुई ये खास सुविधा
बनारस स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। यहां क्यूआर कोड स्कैन कर जनरल टिकल ले सकते हैं। भारतीय रेलवे में यह सुविधा शुरू करने वाला पहला स्टेशन, बनारस बना है। इस सुविधा से लोगों के समय की बचत के साथ ही कैश की झंझट खत्म होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्रेन में जनरल टिकट को लेकर यात्रियों को बनारस स्टेशन के यूटीएस काउंटर पर लंबी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। फुटकर या नकदी नहीं होने की दशा में भी यात्रियों को यूटीएस काउंटर से जनरल टिकट आसानी से मिल रहा है। यूटीएस काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैन कर यात्री जनरल टिकट ले सकते हैं। यह सुविधा भारतीय रेल में पहली बार बनारस स्टेशन पर शुरू हुई है।
डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के एक मात्र बनारस स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वार पर क्यूआर कोड की सुविधा शुरू हो गई है। यूटीएस काउंटर पर फेयर रीपिटर में यूपीआई से भुगतान की सुविधा है। फेयर रीपिटर में क्यूआर कोड की सुविधा वाला वाराणसी पहला रेल मंडल है।
वाराणसी सिटी और अन्य स्टेशनों पर सुविधा जल्द
पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम शेख रहमान ने बताया कि रेल यात्री को अपने गंतव्य की सूचना यूटीएस काउंटर पर बतानी होगी, जिस पर उसके यात्रा विवरण के अनुसार क्यूआर कोड जनरेट होगा। जिसे स्कैन करने के बाद टिकट का फेयर मोबाइल में आ जाएगा। यात्री यूपीआई, बैंकिंग एप और ई-वॉलेट से भुगतान कर टिकट ले सकते हैं।
पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर तीन टिकट काउंटरों पर यह सुविधा शुरू हुई है। प्रथम द्वार पर निर्माणाधीन सात काउंटरों पर भी यह सुविधा है। वहीं, वाराणसी सिटी में आठ, गाजीपुर सिटी में सात, मऊ में छह, आजमगढ़ में छह, बलिया में छह यूटीएस काउंटरों समेत अन्य स्टेशनों पर यह सुविधा जल्द शुरू होगी।