IIT BHU: विज्ञान-प्रौद्योगिकी के उद्भव और विकास के जश्न TechNex का आगाज, पहले दिन ड्रोन शो ने खींचा ध्यान
आईआईटी बीएचयू के तीन दिवसीय वार्षिक टेक्नो मैनेजमेंट फेस्टिवल टेकनेक्स टेकनेक्स का उद्घाटन डीआरडीओ के महानिदेशक (प्रौद्योगिक प्रबंधन) हरि बाबू श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने युवाओं को शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।
विस्तार
विज्ञान-प्रौद्योगिकी के उद्भव और विकास के जश्न 'टेकनेक्स' का आगाज शुक्रवार को आईआईटी बीएचयू में हो गया। स्वतंत्रता भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहले दिन हुईं अलग अलग प्रतियोगिताओं में आईआईटियंस ने अपने तकनीकी हुनर को प्रदर्शित किया। ड्रोन शो के दौरान जब ड्रोन उड़े तो भविष्य के इंजीनियर्स की कल्पनाओं को भी ऊंची उड़ान मिली। इसमें अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
आईआईटी बीएचयू के तीन दिवसीय वार्षिक टेक्नो मैनेजमेंट फेस्टिवल टेकनेक्स टेकनेक्स का उद्घाटन डीआरडीओ के महानिदेशक (प्रौद्योगिक प्रबंधन) हरि बाबू श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने युवाओं को शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। कहा कि तकनीक के क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है।
इसे संभालने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर ही है। इसलिए तकनीकी के क्षेत्र में शोध करते रहने की जरूरत है। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. पीके जैन ने भावी इंजीनियर्स का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में अपस्टॉक्स की सह-संस्थापक कविता सुब्रमण्यम ने युवाओं के सवाल का जवाब दिया।
इंद्रो रोबोट और ड्रोन रहा आकर्षण का केंद्र
टेकनेक्स के पहले दिन ड्रोन शो और रोबोवॉर्स प्रतियोगिता देखने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ रही। रोबोवॉर्स में आठ तो ड्रोन शो में 15 टीमों ने ड्रोन शो में हिस्सा लिया। उधर इंद्रो रोबोट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। रोबोट से हाथ मिलाने और सेल्फी लेने को युवा आतुर दिखे। प्रदर्शनी में बनारस रेल इंजन कारखाना के स्टॉल पर युवा इंजन देखने और इसकी तकनीकी जानने पहुंचते रहे। वहीं एयरफोर्स से जुड़ी जानकारी लेने के लिए भी युवा खासा उत्साहित दिखे।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के दौरे से पहले सीएम योगी ने लिया तैयारियों का जायजा, परियोजनाओं की सूची फाइनल
अशनीर ग्रोवर होंगे रूबरू
टेकनेक्स के दूसरे दिन तकनीकी गतिविधियों के साथ ही थिंक टॉक शो होगा। एक ओर जहां युवा अपनी प्रतिभा दिखाएंगे वहीं दूसरी ओर भारतीय सांख्यिकी संस्थान के अध्यक्ष शंकर पाल युवाओं को कामयाबी का मंत्र देंगे। इसके बाद उद्यमिता क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले अशनीर ग्रोवर युवाओं से रूबरू होंगे। स्टार्टअप व उद्यमिता की जानकारी देंगे।