आईआईटी बीएचयू: एमटेक में दाखिले का कटऑफ जारी, सिरामिक में 200, एआई में 772 तक गया अंक
Varanasi News: गेट परीक्षा में आईआईटी बीएचयू में स्कोर के विषयवार कटऑफ को लेकर जद्दोजहद के बीच संस्थान की ओर से 2025 का कटऑफ जारी किया गया है।
विस्तार
आईआईटी बीएचयू में एमटेक कोर्स के लिए गेट परीक्षा (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट ) में ऑनलाइन आवेदन 13 अप्रैल तक होंगे और 24 से 30 अप्रैल तक प्रवेश के लिए परीक्षाएं होंगी। गेट परीक्षा में आईआईटी बीएचयू में स्कोर के विषयवार कटऑफ को लेकर जद्दोजहद के बीच संस्थान की ओर से 2025 का कटऑफ जारी किया गया है।
सबसे ज्यादा कटऑफ कंप्यूटर साइंस के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) में 772 अंक और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) में 757 अंक तक गया है। वहीं, सबसे कम सिरामिक में 200 और मैकेनिकल के प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में 250 अंक तक कटऑफ गया है।
आईआईटी बीएचयू के कुल 15 मुख्य ब्रांच और 34 उप ब्रांच के कटऑफ स्कोर पीजी एडमिशन वेबसाइट पर जारी किए गए हैं। पिछली बार इसी कटऑफ के आधार पर अभ्यर्थियों का दाखिला हुआ था। केमिकल इंजीनियरिंग ऐसा ब्रांच रहा जिसमें जनरल के 389 से ज्यादा कटऑफ 403 अंक ओबीसी-एनसीएल कैटेगरी में गया है।
वहीं, सिविल इंजीनियरिंग के उप ब्रांच जल विज्ञान एवं जल संसाधन इंजीनियरिंग में 542 अंक, जियो टेक्निकल इंजीनियरिंग में 502 अंक, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में 579 अंक, पर्यावरण इंजीनियरिंग में 498 अंक, परिवहन इंजीनियरिंग में 598 अंक और भू-सूचना विज्ञान इंजीनियरिंग में 567 अंक तक कटऑफ है।
रॉक मैकेनिक्स में 438 और पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स में 622 अंक
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के तीन उप ब्रांच में मशीन डिजाइन में 467, थर्मल एंड फ्लूएड में 387 और प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में 250 अंक तक कटऑफ गया है। मेटलर्जिकल के निष्कर्षण धातु विज्ञान या स्क्रैप मटेरियल में 362 अंक और मिश्र धातु प्रौद्योगिकी में 360 अंक कटऑफ रहा। माइनिंग इंजीनियरिंग के खान पर्यावरण में 515 अंक, रॉक मैकेनिक्स में 438 अंक और माइन प्लानिंग में 500 अंक कटऑफ रहा। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के पॉवर सिस्टम में 539, इलेक्ट्रिकल मैकेनिक्स में 567, कंट्रोल सिस्टम में 547 और पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स में 622 अंक कटऑफ है।