Varanasi: IIT BHU की छात्रा से सरेआम छेड़छाड़, बाइक पर आया युवक फिर लड़की से करने लगा छेड़खानी और...
गुरुवार रात करीब आठ बजे छात्रा हैदराबाद गेट के बाहर चाय पीने के लिए पहुंची। चाय पीकर वापस लौटते समय हैदराबाद गेट से कुछ दूर पहले एक बाइक सवार युवक आया और छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगा। जिसका छात्रा ने विरोध करते हुए युवक की बाइक पकड़ने की कोशिश की लेकिन..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से गुरुवार रात हैदराबाद गेट के बाहर छेड़खानी की गई है। छात्रा की तहरीर पर चितईपुर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सीसी कैमरे में बाइक का नंबर कैद हो गया है। जल्द ही आरोपी को चिन्हित करके गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़िता आईआईटी छात्रा के अनुसार वह रात साढ़े आठ बजे परिसर से निकलकर हैदराबाद गेट के बाहर चाय की दुकान पर चाय पीने गई थी। चाय पीने के बाद परिसर के लिए लौटने लगी तो हैदराबाद गेट के बाहर ही मेडिकल स्टोर के पास बाइक सवार युवक आया और छेड़खानी की।
इस दौरान शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह बाइक से भाग निकला। पीड़िता के अनुसार इस घटना ने उसे विचलित कर दिया। चितईपुर थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के अनुसार छात्रा की तहरीर के आधार पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया। सीसी कैमरे खंगालने के दौरान आरोपी युवक के बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर वाराणसी का ही सामने आया है। आरोपी को चिन्हित करते हुए उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। एक टीम गिरफ्तारी के लिए गठित की गई है।
छेड़छाड़ की घटनाओं पर नहीं लग पा रही है रोक
बीएचयू और आसपास इलाकों में छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। घटनाओं के बाद पुलिस हाथ पैर मार रही है लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पा रहे हैं। बीएचयू में तो अराजकता और बढ़ गई है। कुछ छात्राओं के अनुसार कई घटनाएं इस तरह की होती है लेकिन लोक लाज और पुलिस के पचड़े में नहीं पड़ने के चक्कर में कोई आवाज नहीं उठाता है।
मुख्यमंत्री जता चुके हैं नाराजगी
पिछले हफ्ते वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में कमिश्नरेट पुलिस पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि महिला अपराध मामलों में आरोपी गिरफ्तार होने चाहिए। एक महिला के मामले को लेकर पुलिस आयुक्त से मुख्यमंत्री ने बातचीत की थी।
बीएचयू छात्रा से छे़ड़खानी मामले में दो आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी
बीते चार जनवरी को बीएचयू में एमएससी छात्रा से कुलपति आवास के पास हुई छेड़खानी मामले में दो आरोपी अब भी फरार है। आरोपियों को पुलिस ने चिन्हित भी कर लिया है। मगर, गिरफ्तार नहीं हो पा रही है। घटना में बीएचयू के दो छात्रों आदित्य ओझा और ऋतिक कुमार मिश्रा को लंका पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को जेल भी भेजा गया।