यूपी: कोरोना वायरस की जांच के लिए अब देना होगा पहचान पत्र, मोबाइल नंबर भी जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोरोना की जांच के लिए अब पहचान पत्र दिखाना भी अनिवार्य होगा। बिना पहचान पत्र के किसी का भी सैंपल नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही वैध मोबाइल नंबर देना भी अनिवार्य किया गया है।
स्वास्थ्य टीम तय प्रोफार्मा पर संबंधित व्यक्ति का पूरा ब्योरा दर्ज करने के बाद उसके पहचान पत्र की फोटो अपने मोबाइल कैमरे में कैद करेगी, उसके बाद ही सैंपल लिया जाएगा। जांच कराने वाले तमाम मरीजों के पहचान छिपाने से हो रही दिक्कतों के मद्देनजर प्रशासन ने यह निर्देश जारी किया है।
कोरोना के मामले जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं, उससे लोगों में भय भी बढ़ रहा है। वह खुद को सुरक्षित तो करना चाहते हैं, लेकिन जांच को लेकर उदासीन बने हुए हैं। कुछ लोग जांच कराने पहुंच भी रहे हैं तो गलत नाम-पता और मोबाइल नंबर दर्ज करा दे रहे हैं, जिससे रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मरीज को ढूंढने में खासी मशक्कत उठानी पड़ रही है।
संक्रमित व्यक्ति और उसके संपर्क में आए लोगों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निर्देश जारी किया है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच कराने वाले हर व्यक्ति को फोटो पहचान पत्र भी साथ लाना होगा।
स्वास्थ्यकर्मी उसकी फोटो अपने मोबाइल कैमरे में लेंगे। तय प्रोफार्मा पर संबंधित व्यक्ति का पूरा ब्योरा नोट करेंगे। इसके अलावा एक वैध मोबाइल नंबर भी देना अनिवार्य होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना का संक्रमण रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। बिना किसी शर्म और संकोच के अपनी जांच कराएं।