Varanasi: पत्नी के प्रेम प्रसंग से नाराज पति ने प्रेमी की कर दी हत्या, बोला- रात में दोनों को छत पर देखा था
वाराणसी के कमलगढ़हा इलाके में एक शख्स ने पत्नी की प्रेमी की नृशंस हत्या कर दी। 27 जनवरी को छत पर शव मिला था। पुलिस ने इस हत्याकांड का गुरुवार को खुलासा कर दिया।
विस्तार
वाराणसी के कमलगढ़हा इलाके में बीते शुक्रवार को एक मकान की छत पर मिले इकराम उर्फ छोटक (42 वर्ष) के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। अवैध संबंध के चक्कर में इकराम की हत्या लुंगी से गला कस कर की गई थी। पुलिस ने गुरुवार को हत्या के आरोपी नुरूल हसन उर्फ टेंगर उर्फ बाबू कुरैशी को गिरफ्तार किया।
नुरूल ने इकराम की हत्या इसलिए कर दी कि उसने रात में उसे पत्नी के साथ छत पर देख लिया था। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने गुरुवार को इस हत्याकांड का खुलासा किया। आरोपी का चालान कर दिया गया। नुरूल और इकराम दोस्त थे।
26 जनवरी की रात ही हुई थी हत्या
जैतपुरा थाना अंतर्गत कमलगढ़हा में इकराम का पुश्तैनी मकान था। परिवार के लोग मकान बेच कर दूसरी जगह चले गए हैं। मकान बिकने के बाद शराब पीने का आदी इकराम मोहल्ले में ही इधर-उधर रहता था और लोगों से पैसा मांग कर अपनी गुजर-बसर किसी तरह से करता था। बीते शुक्रवार को कमलगढ़हा के लोगों ने तौफीक की छत पर इकराम का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मुकदमा दर्ज करने के बाद डीसीपी काशी जोन, एसीपी चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक जैतपुरा मथुरा राय के नेतृत्व में थाना जैतपुरा पुलिस टीम ने तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान नुरूल का नाम प्रकाश में आया तो पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस के मुताबिक, नुरूल दुल्हीपुर में मीट की दुकान चलाता है। 26 जनवरी की रात वो अपने घर पर था।
रात में खाना खाने के बाद उसकी पत्नी और बच्चे सोने चले गए तो नुरूल रात 11 बजे पान खाने के लिए पिछले दरवाजे से घर से बाहर निकला। थोड़ी देर बाद जब वापस लौटा तो चाचा की छत पर कुछ आवाज सुनाई दी। छत पर गया तो देखा कि उसकी पत्नी इकराम के साथ लेटी है। दोनों आपस में बात कर रहे थे।
दोस्ती का हुआ कत्ल
आपत्ति जताने और विरोध करने पर इकराम मारपीट करने लगा। इससे गुस्से में आकर लुंगी से ही उसका गला कस दिया। इकराम की मौत हो गई तो छत पर ही शव छोड़कर भाग निकला। इकराम हत्याकांड मामले में पुलिस शुरुआत से ही उसके करीबियों से पूछताछ कर रही थी। वहीं नुरूल और इकराम की आपस में अच्छी दोस्ती थी। इलाके में लोगों के बीच चर्चा है कि इकराम के साथ-साथ दोस्ती की भी हत्या हुई है। नुरूल की एक बेटी और एक बेटा है। इकराम अविवाहित था।