आईआईटी बीएचयू में बोले मानव संसाधन विकास मंत्री- नए भारत का आधार बनेगी नई शिक्षा नीति
आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत समारोह में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा, नई शिक्षा नीति नए भारत के निर्माण की आधारशिला बनेगी। नई शिक्षा नीति भारत में जल्द ही आएगी। पब्लिक डोमेन में सार्वजनिक करने के बाद दो लाख से ज्यादा सुझाव इस पर मिल चुके हैं। इसकी ड्राफ्टिंग का काम चल रहा है और जल्द ही इसका मसौदा तैयार कर लिया जाएगा।
बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित आठवें दीक्षांत समारोह में निशंक ने कहा कि देश के युवा चुनौतियों से बखूबी लड़ रहे हैं। ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में भारत लीडरशिप की भूमिका है। विज्ञान के क्षेत्र में भी भारत महाशक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया और इसके बाद अटल विहारी बाजपेयी ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए जय जवान-जय किसान के साथ ही जय विज्ञान जोड़ा। हम जिस तरह से अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ते जा रहे हैं, उसको देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान के साथ ही जय अनुसंधान का नारा दिया है।
आईआईटीयंस को पूरी दुनिया के आशाओं का केंद्र बताते हुए निशंक ने कहा कि आईआईटी से निकलने वाले हर छात्र के चेहरे पर भविष्य नजर आता है। समारोह में निशंक ने 54 छात्र-छात्राओं में 81 मेडल और विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1282 मेधावियों को उपाधियां वितरित कीं। इसके साथ ही समारोह में 79 शोध छात्रों को भी उपाधि दी गई। आईआईटी बीएचूय के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार जैन ने सभी का स्वागत किया और संस्थान की उपलब्धियों के साथ ही यहां चलने वाली परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।