Holi 2020: राष्ट्रपति के आगमन पर चार राज्यों की सीमाओं पर अलर्ट, नक्सलियों का खतरा देख कांबिंग शुरू
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन और होली पर्व को देखते हुए सोनभद्र जिला प्रशासन सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम में लग गया है। चार राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और झारखंड बॉर्डर इलाकों में लगातार सीआईएसएफ के जवान कांबिंग करते नजर आ रहे हैं। साथ ही ये इलाके नक्सली भी हैं, इस कारण प्रशासन ज्यादा सतर्क हो गया है।
राष्ट्रपति 15 मार्च को सोनभद्र आ रहे हैं, इस कारण 15 मार्च तक सीआईएसएफ के जवान और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से सीमावर्ती इलाकों में कांबिंग कर रही है। जिले को चार राज्यों से जोड़ने वाली सीमाओं पर रविवार से ही फोर्स की तैनाती कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
वर्ष 2001 में जिले से सटे मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में होली के दिन नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए थे। इस घटना को ध्यान में रखते हुए अधिकारी और ज्यादा सतर्कता बरत रहे हैं। सीआरपीएफ, सीआईएसएफ व पीएसी के जवानों को कांबिंग में लगाया गया है। खुफिया एंजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है और पल-पल की खबर लेने का निर्देश दिया गया है।
चारों राज्यों को जोड़ने वाले जिले के प्रमुख मार्गों पर फोर्स की तैनाती की गई है। उन्हें तलाशी लेकर ही लोगों को आने व जाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सीमावर्ती जंगलों, पहाड़ों व ग्रामों में भी कांबिंग की जा रही है। जिले से सटे झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का आतंक अभी भी जारी है। पड़ोसी राज्यों में केंद्रीय पुलिस बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
बभनी ब्लॉक के चकचपकी स्थित सेवाकुंज में 15 मार्च को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यक्रम संभावित हैं। बभनी से करीब डेढ़ सौ किमी दूर छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिला के सामरी गांव के पास नक्सलियों ने 17 फरवरी को आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। 15 मार्च को राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम को लेकर अभी से ही छत्तीसगढ़ से लगने वाली सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई। पुलिस अधीक्षक ने 15 मार्च तक सीमा सख्ती करने का निर्देश दिया है, ताकि नक्सली घुसपैठ न कर सके।
तैयारियां जोरों पर
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड़ चपकी में आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत अन्य के आगमन के मद्देनजर पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।