Holi: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट...चार जिलों के नेत्र, चर्म रोग विशेषज्ञों की छुट्टियां रद्द; हादसों पर रहेगी नजर
Holi: होली पर होने वाले छिटपुट घटनाओं को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड में है। वाराणसी मंडल में अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
होली पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं और रसायनों के कारण आंखों व त्वचा संबंधी समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। वाराणसी मंडल के स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा ने मंडल के सभी सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रहने का सख्त निर्देश जारी किया है। त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के सीएमओ को युद्धस्तर पर तैयारी करने को कहा गया है।
अपर निदेशक ने विशेष रूप से नेत्र और चर्म रोग विशेषज्ञों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने के निर्देश दिए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों का मुख्यालय पर उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही, जनरल सर्जन और ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों को भी ऑन कॉल 24 घंटे उपलब्ध रहने को कहा गया है।
चिकित्सकों को निर्देश जारी
अपर निदेशक ने स्पष्ट किया है कि इमरजेंसी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। एंबुलेंस सेवाओं, विशेषकर 108 और 102 को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहने के लिए कहा गया है ताकि सूचना मिलते ही रिस्पॉन्स टाइम कम से कम हो। अस्पताल परिसरों में बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
अनुपस्थित मिले तो होगी कार्रवाई : चिकित्सकों का कहना है कि लोग प्राकृतिक रंगों का ही प्रयोग करें और आंखों को हानिकारक केमिकल्स से बचाएं। अपर निदेशक ने चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई या ड्यूटी के दौरान डॉक्टर अनुपस्थित मिले, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।