HindI Journalism Day: काशी विद्यापीठ में हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने पर संगोष्ठी, तकनीक पर चर्चा
Varanasi News: काशी विद्यापीठ में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और तकनीक ने पत्रकारों के काम को काफी आसान बना दिया है। कार्यक्रम में इसके इतिहास, विकास और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Hindi Journalism Day: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का प्रभाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। तकनीक ने पत्रकारों के काम को और आसान बना दिया है।
महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान, पत्रकारिता विभाग की ओर से आयोजित संगोष्ठी में प्रेम शुक्ला ने कहा कि नई पीढ़ी के पत्रकारों को जानकारी प्राप्त करने के लिए पहले की तरह लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। डिजिटल माध्यमों के कारण सूचनाएं बहुत तेजी से उनके पास पहुंच जाती हैं।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में समाचार बहुत तेजी से हमारे सामने पहुंच जाते हैं। उनकी सत्यता की पुष्टि पर विशेष फोकस करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि डिजिटल युग अवसर, संकट और चुनौती तीनों का संगम है।
डिजिटल मीडिया एक बड़ा अवसर है, क्योंकि आज सूचनाएं बहुत तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं। पत्रकारिता के लिए यह एक संकट भी है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पत्रकार अपनी बात को प्रभावी, स्पष्ट और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत कर सके। अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता में विश्वसनीयता का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है।
आने वाले पांच वर्षों में पत्रकारिता का महत्व और अधिक बढ़ेगा। अतिथियों का स्वागत संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। विषय प्रवर्तन डॉ. मनोहर लाल, संचालन डॉ. प्रभाशंकर मिश्र तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. वैष्णवी शुक्ला व विजय कुमार सिंह ने किया।
बीएचयू में ‘अपूर्वा’ पत्रिका का कुलपति ने किया विमोचन: बीएचयू में पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कला संकाय की प्रतिनिधि पत्रिका ‘अपूर्वा’ का विमोचन कुलपति कार्यालय में किया।
पत्रिका में हिंदी, संस्कृत, उर्दू और अंग्रेजी भाषा में विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण लेखों का प्रकाशन किया गया है। पत्रिका का आगामी अंक कला संकाय की समृद्ध विरासत पर केंद्रित होगा, जिसमें संकाय के विभिन्न विभागों की अकादमिक गतिविधियों और इतिहास को समाहित किया जाएगा।
पत्रकारों के लिए बनेगा मीडिया हाउस : राज्यमंत्री हंसराज
जिले के पत्रकारों के लिए मीडिया हाउस बनवाया जाएगा। साथ ही पत्रकार साथियों के हित में जो भी कार्य होंगे, उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। यह आश्वासन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की वाराणसी इकाई द्वारा आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस कार्यक्रम में दिया।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पत्रकारों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उपज के महामंत्री मोनेश श्रीवास्तव से कहा कि वे एक प्रतिवेदन तैयार कर उन्हें दें, जिसे वे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक प्रेषित करेंगे और उसे क्रियान्वित कराने का प्रयास करेंगे। विशिष्ट अतिथि कांची कामकोटि पीठ के प्रतिनिधि बी.एस. सुब्रह्मण्यम मणि ने कहा कि जिस प्रकार भगवान भास्कर के दर्शन कर हम दिन की शुरुआत करते हैं, उसी प्रकार सुबह समाचार-पत्रों के माध्यम से देश-विदेश की गतिविधियों से अवगत होते हैं। इसमें पत्रकारों की भूमिका अहम होती है।