बिजली विभाग के वर्कशॉप में भीषण आग से ट्रांसफार्मर-उपकरण जले, कड़ी मशक्कत से बुझाई आग
गाजीपुर शहर से सटे रौजा बिजली विभाग के वर्कशॉप में बुधवार की सुबह भीषण आग लगने से आधे शहर की आपूर्ति बाधित हो गई है। इस घटना में कई ट्रांसफार्मर व उपकरण जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेडकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है, लेकिन अभी आग पूरी तरह से बुझी नहीं है।
स्टोर का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। विभाग आग के कारणों की तलाश कर रहा है। उधर आमघाट कालोनी में बीएसएनएल का टावर टूटकर गिरने से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मची रही।
मंगलवार की देर रात तेज आंधी वह हल्की बारिश के कारण जगह-जगह बिजली के तार टूटने और ट्रासफार्मर जलने की घटनाएं हुई हैं। कई जगह पेड़ भी गिरे हैं। ऐसे में पूरी रात शहर के अधिकांश भागों में विद्युत आपूर्ति ठप रही। यही हाल ग्रामीण इलाकों में भी बना रहा। बुधवार की सुबह विद्युत आपूर्ति शुरू होते ही, रोजा स्थित वर्कशॉप में अचानक आग लग गई।
वर्कशाप के अलावा यहां पर विद्युत स्टेशन के अन्य हिस्सों में भी आग से काफी नुकसान पहुंचा है। घनी आबादी वाले इलाके में स्थित इस वर्कशाप में आग लगने के चलते यहां बिजली विभाग के स्टोरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोग आग देख दहशत में दिखे। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
उधर आग लगने की सूचना के बाद बिजली विभाग के आलाधिकारी एवं जिले के अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए। फायर बिग्रेड के कर्मचारी अभी भी आग पर काबू पाने के प्रयास में लगे हुए हैं, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने के कारणों की तलाश की जा रही है।