गर्मी का कहर: सड़क पर चक्कर खाकर गिरे, इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत; वाराणसी के इन इलाकों में हुई घटना
UP Heatwave: वाराणसी में गर्मी का कहर जारी है। डाॅक्टर इससे बचने और पानी का अधिक सेवन करने की सलाह दे रही हैं। जिले के तीन स्थानों पर तीन लोगों की माैत हो गई। ये लोग बेहोश होकर गिर गए थे। पोस्टमार्टम के बाद इनके माैत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेज धूप और भीषण गर्मी का असर अब आम जन जीवन पर दिखने लगा है। गर्मी इतनी अधिक पड़ रही है कि जरा सी लापरवाही सेहत के लिए भारी पड़ रही है। शुक्रवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर तेज धूप लगने की वजह से चक्कर खाकर कई लोग गिर गए। इसमें इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद माैत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इधर एक सप्ताह से धूप इतनी तीखी हो रही है कि बाहर निकलना मुश्किल है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कम से कम बाहर निकलने की अपील की जा रही है।
शुक्रवार को रोहनिया अखरी ओवरब्रिज के पास दोपहर में करीब दो बजे 46 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को सड़क पर मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को एक व्यक्ति के सड़क पर गिरे पड़ने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अखरी ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी करवाई।
चिरईगांव के उमरहां में शुक्रवार की दोपहर में 45 वर्षीय व्यक्ति चलते चलते उमरहां बाजार में गिर गया। लोगों ने सड़क पर गिरा देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर भोजूबीर चौराहे पर बेहोश पड़े 25 वर्षीय युवक को एक राहगीर दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां ट्राॅमा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं गर्मी से परेशान सलारपुर निवासी छविनाथ लाल श्रीवास्तव (80) और सारनाथ निवासी मुन्नी देवी (57) का इलाज चल रहा है।