बसपा के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की जमानत पर 20 मई को होगी सुनवाई, इस मामले में हुए गिरफ्तार
एसटीपी के प्रोजेक्ट मैनेजर के अपहरण और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार बसपा के पूर्व सांसद और बाहुबली धनंजय सिंह की जमानत अर्जी पर सुनवाई 20 मई को होगी। पूर्व सांसद के अधिवक्ताओं की ओर से दिए गए जमानत प्रार्थना पत्र पर जौनपुर जिला जज मदनपाल सिंह ने यह तारीख तय की है। तब तक पूर्व सांसद को जेल में ही रहना होगा।
धनंजय सिंह को रविवार की रात जौनपुर जिले के कालीकुत्ती स्थित आवास से एक सहयोगी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लाइन बाज़ार थाने में पूछताछ के बाद उन्हें सोमवार की सुबह रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था।
वहां सुनवाई के बाद उनकी अर्जी खारिज करते हुए कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। पूर्व सांसद की ओर से मेडिकल रिपोर्ट पर भी राहत देने से इंकार करते हुए जेल अधीक्षक को जेल में ही समुचित उपचार का प्रबंध करने के आदेश दिए थे।
मंगलवार को पूर्व सांसद के अधिवक्ता डॉ सुभाष शुक्ल, संतोष श्रीवास्तव और दुष्यन्त सिंह ने जिला जज मदनपाल सिंह के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया। जिला जज ने इस पर सुनवाई के लिए 20 मई के तारीख मुकर्रर की है। तब तक पूर्व सांसद को जिला जेल में ही रहना होगा।
शहर के पचहटिया इलाके में बन रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बाहुबली पूर्व सांसद और उनके एक साथी समेत चार लोगों पर अपहरण करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए रविवार की रात लाइन बाजार थाने में केस दर्ज कराया था।