यूपी: भाजपा विधायक, उनके भतीजों और बेटों पर यौन शोषण के आरोपों की जांच तेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले के ज्ञानपुर से भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी के खिलाफ लगे यौन शोषण के आरोपों के मामले की जांच तेज हो गई है। बुधवार को महिला थाने की पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया तो एएसपी ने भदोही नगर स्थित एक होटल के अभिलेखों को खंगाला।
दो दिन पूर्व वाराणसी की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर भाजपा विधायक, उनके भतीजों और बेटों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसमें विधायक के भतीजे संदीप तिवारी पर शादी का आश्वासन देकर मुंबई, वाराणसी और भदोही में दुष्कर्म करने के आरोप लगे थे। मामला हाईप्रोफाइल होने से पुलिस भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है।
बुधवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने पीड़िता के प्रार्थनापत्र में बताए गए भदोही के उस होटल में जा कर अभिलेखों की पड़ताल की जिसमें एक माह तक रखे जाने की बात पीड़िता ने बताई थी। उधर, महिला थाने की पुलिस ने वाराणसी जाकर बुधवार को पीड़िता का बयान दर्ज किया।
सूत्रों की मानें तो महिला पुलिस मंगलवार को वाराणसी गई थी लेकिन उस दिन पीड़िता के नहीं मिलने पर बुधवार को बयान दर्ज किया गया। प्रकरण में महिला थाने की प्रभारी से लेकर अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा भी कुछ बताने से कतराते रहे। एएसपी ने कहा कि जांच चल रही है। एक-दो दिन में एसपी को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।