Varanasi News: रिंग सेरेमनी में चली गोली, 11 दिन बाद युवक की मौत, पुलिस को नहीं दी गई जानकारी
वाराणसी में रिंग सेरेमनी में गोली चली। घटना के 11 दिन बाद युवक की मौत हो गई। हैरान करने वाली बात ये है कि पुलिस को घटना की जानकारी तक नहीं दी गई।
विस्तार
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात 12 बजे विश्वनाथ लॉन में रिंग सेरेमनी के दौरान सौरभ के पेट के बाएं हिस्से में गोली लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। दोस्तों और परिजनों ने पहले मलदहिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। युवक की मौत की सूचना मिलने पर लंका पुलिस ने शिवपुर पुलिस को अवगत कराया।
इसे भी पढ़ें; Sawan 2026: कांवड़ मार्ग पर उतरे पुलिस आयुक्त-डीएम, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बताया जा रहा है कि गोली लगने की घटना की जानकारी 26 जुलाई को स्थानीय शिवपुर पुलिस को नहीं दी गई थी। मृतक के पिता पवन सेठ का आरोप है कि गिलट बाजार निवासी एक युवक से गोली चली थी। उनका कहना है कि आयोजन से जुड़े लोग और बेटे के दोस्त ही उसका इलाज करा रहे थे, इसलिए उन्हें उम्मीद थी कि वह स्वस्थ होकर लौट आएगा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अब पुलिस पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई, फायरिंग की वजह क्या थी और इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। पूछताछ के लिए पुलिस ने लॉन संचालक, कर्मचारी और मृतक के दोस्त को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। युवक को गोली लगने की घटना की जानकारी पुलिस को पहले नहीं थी, मौत के बाद मामले की सूचना मिली है।