Sports News: सुपर हैवीवेट मुकाबले...ऋषभ के हुक पर नाॅकआउट हुए अर्पित, खिलाड़ियों ने दिखाया दम; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर रहे हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है।
विस्तार
Sports News in Hindi: महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर के मुक्केबाजी रिंग में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय की ओर से अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता खेली गई। इसमें महादेव पीजी कॉलेज छह स्वर्ण पदक जीतकर लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बना।
काशी विद्यापीठ की टीम पांच स्वर्ण पदक जीतकर उपविजेता बनी। सुपर हैवीवेट मुकाबले में महादेव पीजी कॉलेज के ऋषभ पांडेय ने स्वर्ण पदक जीता जबकि उनके प्रतिद्वंदी अर्पित सिंह को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इसमें महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के पुरुष और महिला खिलाड़ियों की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। महादेव पीजी कॉलेज के हरीश ने उद्घाटन मैच में सीएट कॉलेज गहनी के प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को मात देकर महादेव के जीत की शुरुआत की।
खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
महादेव के अन्य खिलाड़ियों ने अंतिम तक इसे कायम रखा। पुरुष वर्ग में आनंद गिरि, मनीष कुमार, राहुल कुमार, विजय विश्वकर्मा ने अलग अलग भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला वर्ग में अग्रसेन कन्या महाविद्यालय की तनु गुप्ता के अलावा पूजा पाल, अक्षिता ,वर्षा, साक्षी वर्मा, सरिता राय, शिवानी, गुड़िया यादव, दृष्टि राय, मनस्वी सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने अपने कॉलेज का नाम रोशन किया।
शुभारंभ गाजीपुर मलिकपुर डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिवाकर सिंह और काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. बृजेश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अध्यक्षता महादेव पीजी कॉलेज के प्रबंधक अजय सिंह ने की। अतिथियों का स्वागत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह ने किया। संचालन डॉ. लोकनाथ पांडेय, धन्यवाद ज्ञापन डॉ मारुत नंदन मिश्रा ने किया। इस मौके पर सीमा सिंह, डॉ. भीम शंकर मिश्रा, धर्मेंद्र प्रताप, डॉ. मोहन सिंह, डॉ. गौरव मिश्र, डॉ. धर्मेंद्र भास्कर आदि मौजूद रहे।
वॉलीबॉल में ग्रीन और यलो हाउस जीते
बीएचयू कला संकाय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को इंट्रामूलर खेल स्पर्धा का आयोजन हुआ। आयोजन सचिव डॉ. अभिषेक वर्मा ने बताया कि इसमें वालीबॉल और रस्साकशी की प्रतियोगिता हुई। वॉलीबॉल के महिला वर्ग में ग्रीन हाउस ने ब्लू हाउस को जबकि पुरुष वर्ग में ब्लू हाउस ने रेड हाउस को हराया। रस्साकशी बालिका वर्ग में यलो हाउस ने ग्रीन हाउस को और पुरुष वर्ग में ग्रीन हाउस ने रेड हाउस को हराया।
इस स्पर्धा में येलो ने मालवीय हाउस, ग्रीन ने राधाकृष्णनन, रेड ने शांति स्वरूप भटनागर और ब्लू हाउस ने एनी बेसेंट हाउस का प्रतिनिधित्व किया। अध्यक्षता क्रीड़ा परिषद के महासचवि प्रो. बीसी कापरी ने की। इस मौके पर प्रो विक्रम सिंह, प्रो. दीपक डोगरा, प्रो. टी ओनिमा रेड्डी, डॉ. कृष्णकांत, डाॅ. शैलेश, डॉ. लीनेट खाखा आदि मौजूद रहे।
बीएचयू एकादश जीता, सिद्धांत ने बनाए 145 रन
जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शनिवार को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता खेली गई। यह मुकाबला एसोसिएशन के अंडर-19 और बीएचयू एकादश के बीच मैच खेला गया। इसमें बीएचयू एकादश ने जीत हासिल की। सिद्धांत ने 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 145 रन बनाए। टॉस जीतकर बीएचयू एकादश ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 35 ओवर में 5 विकेट खोकर 380 रन बनाए। दिव्यांश ने 47 और विद्यांत ने 41 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला क्रिकेट वाराणसी की टीम 25 ओवर चार गेंद पर 130 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
लीग मैच में वाराणसी और बरेली ने दर्ज की जीत
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को लीग मुकाबलों में रोमांच देखने को मिला। पहले मुकाबले में वाराणसी और कानपुर के खिलाड़ी आमने-सामने हुए। वाराणसी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से मुकाबला अपने नाम किया। वाराणसी टीम ने शुरू से ही मैदान पर वर्चस्व बनाए रखा। दूसरे मैच में बरेली ने सहारनपुर पर जबर्दस्त दबदबा दिखाया और 14–0 के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
काशी विद्यापीठ में तैयार हो रहा खेल का मैदान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में खेल मैदान को नए सिरे से बनवाया जा रहा है। इसमें हर ओर घास फूस ही दिख रहा था, इस वजह से खेलकूद जैसे आयोजन भी प्रभावित हो रहे थे। अब जहां खेल मैदान को बेहतर बनवाया जा रहा है, वही खेल के उपकरण भी मंगवाए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल ने भी विश्वविद्यालयों में खेलकूद को बढ़ावा देने की बात कही थी। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय का कहना है कि खेल मैदान के मरम्मत का कार्य चल रहा है, आधा ग्राउंड तैयार कर लिया गया है।
पीएम ने सांसद खेलकूद के प्रतिभागियों को दी बधाई
पीएम मोदी ने काशी सांसद खेल प्रतियोगिता के सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया एक्स पर लिखे संदेश में उन्होंने कहा कि काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों ने अद्भुत खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेरी बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2025 में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के 1,61,815 पुरुष और 1,39,563 महिलाओं के अलावा 91 ट्रांसजेंडर ने 32 खेल स्पर्धा में लोहा मनवाया। कुल 6060 विजेता बने।
यूपी रायफल एसोसिएशन के जिला प्रतिनिधि बने सौरभ
यूपी रायफल एसोसिएशन ने प्रदेश के अलग- अलग जिलों के प्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी है। इसमें वाराणसी रायफल क्लब एसोसिएशन के सदस्य सौरभ पाठक को जिला प्रतिनिधि मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर आयुष मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालू, नवरत्न राठी, सुधीर मिश्र, दीपक मिश्र, अनूप दुबे, संतोष सैनी आदि ने बधाई दी है।
26 नवंबर से खेली जाएगी प्रादेशिक सीनियर महिला हॉकी
खेल विभाग की और हॉकी वाराणसी की ओर से प्रादेशिक समन्वय महिला हॉकी प्रतियोगिता वाराणसी के लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 26 नवंबर से एक दिसंबर तक खेली जाएगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें खेलेंगी।
शतरंज में उपविजेता बनी धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज की टीम
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की अंतर महाविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता शनिवार दोपहर भगवानपुर में खेली गई। महिला वर्ग की प्रतियोगिता में अलग- अलग कॉलेजों के 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज की टीम 13.5 अंक लेकर उपविजेता बनी। बालक वर्ग में डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 21 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसमें अभिनव शुक्ला सभी छह बाजी जीत विजेता बने। एकल वर्ग में प्रतियोगिता के टॉप छह खिलाड़ी आगामी अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यापीठ की हॉकी टीम ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का किया अभ्यास
खेलो इंडिया यूनिर्वसिटी गेम्स के लिए घोषित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की हॉकी टीम ने शनिवार सुबह हॉकी टर्फ पर तकनीकी सत्र में अभ्यास किया। यहां कोच पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में कार्यरत सतीश नारायण सिंह ने खिलाड़ियों को तीन घंटे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का अभ्यास कराया।
विद्यापीठ की टीम सुजीत कुमार की कप्तानी में खेलेगी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम 23 नवंबर को जयपुर रवाना होगी। प्रतियोगिता 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक राजस्थान के जयपुर में खेली जाएगी। काशी विद्यापीठ की टीम का प्रशिक्षण शिविर बीएचयू के एंफीथियेटर में 17 से 22 नवंबर तक आयोजित किया गया।