Varanasi News: राजकीय क्वींस कॉलेज में तीन दिन हिंदी, एक दिन तमिल में होगी प्रार्थना; जानें खासियत
Varanasi News: नई शिक्षा नीति के तहत विद्यालय में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति की शुरुआत के साथ चार भाषाओं में प्रार्थना शुरू की जा रही है। इनमें हिंदी, तमिल, अंग्रेजी और संस्कृत भाषा में विद्यार्थी प्रार्थना करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Queen's Inter College Varanasi: पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज ने नई शिक्षा नीति के तहत बहुभाषी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल शुरू की है। विद्यालय में अब छात्रों को विभिन्न भारतीय और विदेशी भाषाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से चार भाषाओं में प्रार्थना कराई जाएगी। इस नई व्यवस्था की शुरुआत शुक्रवार से हो गई। पहले दिन प्रार्थना के बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम गीत भी प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि नई शिक्षा नीति के विजन के अनुरूप विद्यालय में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ बहुभाषी प्रार्थना प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत सप्ताह में तीन दिन हिंदी, एक दिन संस्कृत, एक दिन अंग्रेजी और एक दिन तमिल भाषा में प्रार्थना होगी। सोमवार, बुधवार और शनिवार को हिंदी में, मंगलवार को संस्कृत में, बृहस्पतिवार को अंग्रेजी में तथा शुक्रवार को तमिल भाषा में प्रार्थना कराई जाएगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि बहुभाषी वातावरण से छात्रों में भाषाई समझ और सांस्कृतिक संवेदनशीलता विकसित होगी।
विद्यालय में तमिल भाषा की नियमित कक्षाएं भी जुलाई से शुरू की जाएंगी। इसके लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तमिल विभाग के साथ एमओयू साइन करने की तैयारी चल रही है। प्रधानाचार्य ने बताया कि तमिल भाषा की शिक्षिका संध्या साई कुमार विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं लेंगी। विद्यालय प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और एमओयू होते ही कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।