वाराणसी में छात्रा की हत्या: चार पुलिसकर्मी निलंबित, गुमशुदगी दर्ज होने पर भी नहीं की खोजबीन, गायब युवती की झाड़ियों में मिली थी लाश
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने युवती के गायब होने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिसकर्मियों ने कोई सक्रियता नहीं दिखाई। इस मामले में अब चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। 22 वर्षीय छात्रा के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ और गले पर निशान था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में एक गायब हुई छात्री की लाश मिलने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस के चार पुलिसकर्मियों पर को निलंबित कर दिया गया है। इनमें रमना चौकी इंचार्ज अजय प्रताप सिंह, लंका थाने के एसएसआई राजेश गिरी, सिपाही प्रिंस कुमार गौतम और दीपक कुमार शामिल हैं। सभी पर आरोप है कि परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद छात्रा को ढूंढने की कोई कोशिश नहीं की।
पुलिस के अनुसार, लंका थाना क्षेत्र हाईवे से सटे एक गांव रहने वाली छात्रा रोहनिया स्थित एक मैनेजमेंट कॉलेज की छात्रा थी। गुरुवार को सुबह घर से कॉलेज के लिए निकली और दोपहर बाद तक घर नहीं लौटी और मोबाइल बंद मिलने से परेशान परिजन खोजबीन में जुट गए।
लंका थाने से लेकर डाफी पुलिस चौकी तक परिजनों ने दौड़ भाग की और गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस से गुहार भी लगाई। सूचना पाकर रोहनिया थाने पहुंचे परिजनों ने लंका थाने की पुलिस पर आरोप लगाया कि गुमशुदगी दर्ज कराने की गुहार लगाने के बावजूद पुलिस ने तेजी नहीं दिखाई।
चरवाहों को दिखी छात्रा की लाश
रोहनिया थाना क्षेत्र के माधोपुर स्थित खेत में शुक्रवार की शाम पांच बजे कुरहुआ गांव का रहने वाला किशोर सिंधु राय बकरी चरा रहा था। इस दौरान सिंधु खेत किनारे लगी झाड़ियों की तरफ गया। जैसे ही कुछ दूर आगे बढ़ा कि झाड़ियों में युवती का शव देखते ही चीखने-चिल्लाने लगा। तब तक आसपास के अन्य चरवाहा भी मौके पर पहुंच गए।
युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव देखते ही पुलिस को सूचना दी गई। क्रीम कलर की शर्ट, नीला जैकेट व नीला पैंट, सफेद रंग का मोजा व काले रंग की जूती पहने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले पर रस्सी जैसा गहरा निशान भी था। कपड़े इधर-उधर पड़े हुए थे। शव के पास ही छात्रा का बैग भी था, जिसमें कॉपी-किताबें और टिफिन बॉक्स था।
मौके पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तब तक एसपी ग्रामीण अमित वर्मा, एएसपी ग्रामीण नीरज पांडेय पहुंचे, इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने छात्रा के बैग और आसपास बिखरे कपड़े अन्य चीजों को समेटते हुए सबूत जुटाए। पुलिकर्मियों व ग्रामीणों ने शव को देख आशंका जताई कि दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करके शव यहां फेंका गया होगा।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने छात्रा की शिनाख्त करते हुए मामले की तफ्तीश के लिए पांच टीमें गठित कीं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि युवती की हत्या की गई है, दुष्कर्म की बात अभी नहीं कह सकते। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और रोहनिया थाने सहित पुलिस की पांच टीमें हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए लगाई गई हैं। युवती के मोबाइल डिटेल और दोस्तों से पूछताछ पुलिस ने शुरू कर दी। वहीं घर से लेकर कॉलेज के बीच लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।