Varanasi: काशी विश्वनाथ मंदिर से लौट रही युवती पर गिरा निर्माणाधीन मकान का पत्थर, अस्पताल में मौत
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र निवासी मुस्कान घोष (21) बुधवार शाम काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद घर जाने के लिए निकली थी। बांसफाटक-गोदौलिया मार्ग स्थित हौज कटरा के पास निर्माणाधीन मकान से एक पत्थर का हिस्सा मुस्कान के सिर पर आ गिरा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के हौज कटरा के पास बुधवार देर शाम निर्माणाधीन मकान का पत्थर सिर पर गिरने से युवती की मौत हो गई। परिजनों संग युवती बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन को आई थी। दशाश्वमेध पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
मुगलसराय कोतवाली थाना अंतर्गत रामनगर औद्योगिक क्षेत्र निवासी जयदेव घोष की पुत्री मुस्कान घोष (21) बुधवार शाम अपने परिजन और रिश्तेदारों संग श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर आई थी। मंदिर से दर्शन पूजन के बाद परिजनों संग पैदल ही मुस्कान गोदौलिया की जा रही थी। बांसफाटक-गोदौलिया मार्ग स्थित हौज कटरा के पास निर्माणाधीन मकान से एक पत्थर का हिस्सा मुस्कान के सिर पर आ गिरा।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
पत्थर सिर पर गिरते ही लहूलुहान मुस्कान अचेत हो गई। आनन-फानन परिजन सहित आसपास के लोगों ने उसे मारवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया। यहां कुछ देर बाद मुस्कान ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत से परिजन बेसुध हो गए।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। युवती के मौसा से बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि परिजनों संग दर्शन-पूजन के बाद घर लौटते समय अचानक निर्माणाधीन मकान से गिरे पत्थर से मुस्कान की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया गया।
संबंधित अधिकारियों की लापरवाही ने ली जिंदगी
बांसफाटक में रहने वाले लोगों और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बंद पड़े मल्टीप्लेक्स के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में तीन मंजिला मकान बन चुका है। सुरक्षा को लेकर भवन स्वामी की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जबकि हर समय यहां दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी रहती है।
वीडीए ने भी कभी इस निर्माणाधीन बिल्डिंग की सुरक्षा को लेकर कोई पड़ताल नहीं की। सुरक्षा के नाम पर सिर्फ हरे रंग का पर्दा टांग निर्माण कार्य किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों की लापरवाही ने मुस्कान की जिंदगी छीन ली।