गाजीपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर; वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
जमानिया तिराहे के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गोविंद यादव की मौत हो गई। उनका साथी घनश्याम यादव (26) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। गोविंद परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश कर रही है।
विस्तार
गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के जमानिया तिराहे के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गोविंद यादव (27) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल घनश्याम यादव (26) को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बिरनो थाना क्षेत्र के परवाह निवासी अभिषेक यादव ने बताया कि उनके बड़े भाई गोविंद यादव गाजीपुर में एक दुकान पर काम करते थे। वह प्रतिदिन रसूलपुर तिलस्वाना निवासी अपने साथी घनश्याम यादव के साथ बाइक से दुकान जाते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों दुकान पर काम खत्म करने के बाद एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। जमानिया तिराहे से कुछ दूरी पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों में मातम
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घनश्याम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
गोविंद दो भाइयों में बड़े और अविवाहित थे। उनके पिता की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी गोविंद के कंधों पर थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति के बाद जवान बेटे को खोने के गम में वह दहाड़ मारकर रोती रहीं। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।