गाजीपुर: जुआ खेलने के दौरान ग्राम प्रधान ने पिस्टल से चलाई गोली, दो युवकों के पेट और हाथ में लगी; वाराणसी रेफर
मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार रात तालाब किनारे जुआ खेलने के दौरान विवाद में ग्राम प्रधान पर पिस्टल से गोली चलाने का आरोप है। फायरिंग में सुरेंद्र के दाहिने हाथ और अजय के पेट में गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विस्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार रात तालाब के किनारे जुआ खेलने के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से दो युवक घायल हो गए। एक के दाहिने हाथ और दूसरे के पेट में गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार, नौ नवंबर की रात करीब 10:30 बजे मोहांव गांव के पासीपुरवा में तालाब के किनारे आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद का प्रधान संजय बिंद पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। वह भी जुआ खेलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और संजय बिंद ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी।
पुलिस ने की कार्रवाई
गोली लगने से सुरेंद्र पुत्र बिरजू राम के दाहिने हाथ में चोट आई, जबकि अजय कुमार पुत्र ओमप्रकाश के पेट के बाईं तरफ गोली लगी। फायरिंग के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल दोनों युवकों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की है।
एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गोली चलने की घटना के बाद गांव में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।