लहरतारा गैस कांड: मकान के मलबे से बरामद हुई सोना बनाने की विधियों से जुड़ी डायरी, अमन से भी पूछताछ करेगी पुलिस
Varanasi News: लहरतारा गैस कांड में घायल अमन चौधरी के घर से डायरी बरामद हुई है। इस जांच फॉरेंसिक लैब से कराई जाएगी। इसके साथ ही अमन से भी पूछताछ की जाएगी। इस हादसे में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी।
विस्तार
लहरतारा में अमन चौधरी (31) के ध्वस्त मकान के मलबे से मंडुवाडीह पुलिस ने एक डायरी बरामद की है। उस डायरी में सोना बनाने की छह विधियां भी लिखी हुई हैं। अंदर के पेज पर अमन चौधरी का नाम भी लिखा है। पुलिस इसकी फॉरेंसिक जांच कराएगी।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती अमन चौधरी से भी पुलिस इस बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस को शंका है कि सोना बनाने की विधियों के इस्तेमाल में किसी केमिकल के प्रयोग से तो धमाका नहीं हुआ है। हालांकि हादसे वाले दिन फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को मलबे से संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस करेगी जांच-पड़ताल
लहरतारा निजी बस अड्डे के पास गैस सिलेंडर में गैस रिसाव के चलते अचानक धमाका हुआ और मकान ध्वस्त हो गया। इस हादसे में बेटी प्रीति कुमारी (18) और बेटे ओम चौधरी (30) की घटनास्थल पर मौत हो गई थी। जबकि हादसे के दूसरे दिन मां गिरिजा देवी (62) की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई थी। झुलसने और मलबे की चपेट में आने से घायल बड़े बेटे अमन चौधरी को मंडुवाडीह पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
एसीपी रोहनिया की जांच में मलबे से डायरी बरामद हुई। डायरी में सोना बनाने की विधियों के बारे में बिंदुवार लिखा गया है। अंदर के पेज पर अमन का नाम लिखा हुआ है। झुलसे अमन से मंडुवाडीह पुलिस इस संबंध में पूछताछ करेगी। वहीं, डायरी में लिखी हैंडराइटिंग की भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
किताब की दुकान पर काम करता था अमन
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि डायरी में छह बिंदुओं में सोना बनाने की विधियों के बारे में लिखा गया है। डायरी किसकी है, और क्यों ऐसा लिखा गया है, इसके बारे में अमन के स्वस्थ होने पर पूछताछ की जाएगी। रिश्तेदारों से पूछताछ में जानकारी सामने आई थी कि अमन किसी किताब की दुकान पर काम करता था, जबकि उसका छोटा भाई ओम चौधरी कैब चालक था।