फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Ganeshotsav: Ganpati Bappa seated on Sheshnag, a musical worship performance

गणेशोत्सव: शेषनाग पर विराजे गणपति बप्पा, सांगीतिक आराधना

Sun, 20 Sep 2026 02:11 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sun, 20 Sep 2026 02:11 AM IST
विज्ञापन
Ganeshotsav: Ganpati Bappa seated on Sheshnag, a musical worship performance
काशी में मराठी समाज की ओर से आयोजित 10 दिवसीय गणेशोत्सव के छठवें दिन शनिवार को विभिन्न पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को दुर्वा, मोदक आदि अर्पित कर विधिवत पूजन किया। कई स्थानों पर सांगीतिक आराधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। नूतन बालक गणेशोत्सव समाज सेवा मंडल की ओर से दुर्गाघाट स्थित एकनाथ भवन में बनाए गए पूजा पंडाल में गणपति बप्पा को शेषनाग पर विराजमान कराया गया। झूले का आकर्षक शृंगार जूही, बेला, गुलाब, गेंदा, चंपा और चमेली के फूलों तथा अशोक व कामिनी की पत्तियों से किया गया।
विज्ञापन

पं. हेमंत जोशी के आचार्यत्व में राकेश केळकर, संतोष सोलापुरकर और प्रखर पटवर्धन ने सहस्रनामार्चन किया। रात में पुरस्कार वितरण समारोह माधवी तिवारी की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज खन्ना और सारस्वत अतिथि पवन शास्त्री ने दर्शन-पूजन किया। संगीत सम्मेलन में प्राप्ति पुराणिक ने राग बागेश्री अंग का चंद्रकौंस, गणपति झूला, कजरी, अभंग, भजन और गौलन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। तबले पर डॉ. संदीप केवले और हारमोनियम पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। सिद्धि कस्तुरे ने कथक के माध्यम से गणेश वंदना प्रस्तुत की।
विज्ञापन


गरबा और लोकनृत्य से सजा गणपति दरबार
मछोदरी स्थित श्रीकाशी विद्या मंदिर में चल रहे श्री काशी विश्वनाथ गणपति महोत्सव में बच्चों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लास और आध्यात्मिक अनुराग से भर दिया। गरबा और लोकनृत्य की थिरकती लय पर देर रात तक श्रद्धालु भावविभोर रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और पारंपरिक कला-कौशल का परिचय दिया। एकल और सामूहिक प्रस्तुतियों में कथक की शास्त्रीय गरिमा के साथ गरबा की लोकलय भी देखने को मिली। बच्चों ने ‘तारा बिना श्याम’ पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं ‘सुखकर्ता दुखहर्ता वार्ता विघ्नाची’ की प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

श्री गणेशोत्सव सेवा समिति, दशाश्वमेध में पूजन पं. कमलाकर कंठाले ने कराया और आरती पं. अक्षत औंढेकर ने की। यहां शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें अभिषेक कुमार पांडेय और माधुरी पांडेय निर्णायक मंडल में शामिल रहीं। श्रीवल्लभराम शालिग्राम सांग्वेद विद्यालय, रामघाट में सामवेद और अथर्ववेद की प्रतियोगिता हुई। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति का विसर्जन
सेवापुरी। युवा निगरानी समिति, परसीपुर की ओर से ग्राम पंचायत जगापट्टी के ग्राम सचिवालय के बगल में स्थापित गणपति प्रतिमा का अंतिम दिन विधिवत पूजन-अर्चन के बाद रामेश्वर तालाब में विसर्जन किया गया। गणपति प्रतिमा को ट्रैक्टर पर रखकर शोभायात्रा निकाली गई। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवक झूमते हुए चल रहे थे। इस दौरान अबीर-गुलाल उड़ाया गया और आतिशबाजी भी की गई। शोभायात्रा दर्जनों गांवों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने गणपति के दर्शन किए। इसके बाद श्रद्धालु रामेश्वर तालाब पहुंचे, जहां विधिवत गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed