विदेश में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी: रंगदारी और जान से मारने की धमकी भी, चार पर प्राथमिकी; जांच शुरू
विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर गुलाब साहनी से ठगी का आरोप है। पीड़ित के मुताबिक, दुबई भेजने के बाद न नौकरी मिली और न वर्क वीजा। पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया। भारत लौटने पर रुपये मांगने पर धमकी दी गई। रामनगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
विस्तार
विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर रामनगर क्षेत्र के गुलाब साहनी से एक लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर रामनगर थाने में शुक्रवार को चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों पर धोखाधड़ी, रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुलाब साहनी ने पुलिस को बताया कि पिछले साल मई में उनकी मुलाकात दिल्ली निवासी नितिन अरोरा से हुई थी। नितिन ने खुद को विदेश में नौकरी और कार्य वीजा दिलाने वाला एजेंट बताया। उसने विदेश भेजकर अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित के अनुसार, तीन मई को दिल्ली में नितिन और उसके भाई अमित अरोरा ने एक साइबर दुकान से डिजिटल माध्यम से 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए।
इसके बाद 19 जून 2025 को आरोपियों ने 50 हजार रुपये नकद लिए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे 25 जून को दुबई भेजने का आश्वासन दिया। बताया गया कि उसे पर्यटक वीजा पर दुबई भेजा जाएगा और वहां उनका एजेंट लिबिया का कार्य वीजा दिला देगा। आरोपियों के कहने पर पीड़ित ने अपने भाई के माध्यम से उनके खातों में आगे का भुगतान भी किया।
गुलाब साहनी के मुताबिक, दुबई पहुंचने के बाद आरोपियों की ओर से बताए गए होटल में पहुंचा तो वहां उसके नाम से कोई बुकिंग नहीं मिली। होटल का दिया गया बाउचर भी फर्जी निकला। इसके बाद वहां नितिन अरोरा का एजेंट सिराजुद्दीन मिला। आरोप है कि उसने पीड़ित को एक श्रमिक शिविर में रखा।
पीड़ित का आरोप है कि काफी दिन बीतने के बाद भी न तो उसे नौकरी दिलाई गई और न ही कार्य वीजा उपलब्ध कराया गया। इस दौरान एजेंट ने उसका पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया। पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी देने के बाद ही पासपोर्ट वापस किया गया। इसके बाद वह भारत लौट आया।
भारत आने के बाद गुलाब साहनी ने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नितिन अरोरा, अमित अरोरा, रमन कुमार और सिराजुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।