गन पॉइंट पर भरवता था पेट्रोल: अरेस्ट हुआ तो 17 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर निकला, भेजा गया जेल; देता था धमकी
Varanasi Crime: वाराणसी के सिंधोरा क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मियों को पिस्टल दिखाकर मुफ्त में पेट्रोल भरवाने वाले विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और उसके साथी शनि सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी विवेक पर हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों से अवैध पिस्टल और बाइक बरामद की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और मुफ्त में पेट्रोल भरवाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय थाने का हिस्ट्रीशीटर निकला, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, पॉक्सो, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत 17 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके साथी शनि सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
मामला उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो युवक सिंधोरा क्षेत्र के गड़खड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाते नजर आए। वीडियो में दोनों युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए भागते दिखाई दिए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
गोमती जोन की डीसीपी नीतू काद्यान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सिंधोरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मंगलवार को गड़खड़ा निवासी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय (28) और डगराडीह निवासी शनि सिंह (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 16-17 मई की रात वे पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद जब कर्मचारियों ने पैसे मांगे तो विवेक ने अवैध पिस्टल निकालकर कर्मचारियों को धमकाया और दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर एन-160 बाइक और एक अवैध पिस्टल बरामद की है। जांच में पता चला कि विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय पर पहले से 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।