वाराणसीः मालगाड़ी से क्षतिग्रस्त हुआ फुटओवर ब्रिज, वाराणसी-जौनपुर-लखनऊ रूट पर परिचालन बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मालगाड़ी वैगन के खुले गेट से बृहस्पतिवार की शाम बाबतपुर रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिसके चलते एहतियातन वाराणसी-जौनपुर रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। करीब तीन घंटे बाद आधा दर्जन ट्रेनों को काशन पर पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजारा गया।
इसके चलते शुक्रवार को गुरजने वाली वरुणा एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-वाराणसी पैसेंजर और मुगलसराय-वाराणसी पैसेंजर को निरस्त कर दिया गया। मौके पर पहुंचे उत्तर रेलवे के एडीआरएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी, स्टेशन निदेशक डॉ. आनंद मोहन ने घटना के बारे में जानकारी ली।
उत्तर रेलवे के बाबतपुर स्टेशन पर शाम करीब 6.40 बजे मालगाड़ी पं. दीनदयाल नगर जंक्शन के लिए गुजर रही थी। उसके खुले गेट से एफओबी का बीच का एक पोल क्षतिग्रस्त होकर लटक गया। यह देखते ही स्टेशन मास्टर अवधेश नारायण ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करते हुए वाराणसी-जौनपुर रूट की आधा दर्जन ट्रेनों का आवागमन रोक दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे वाराणसी और लखनऊ मंडल में हड़कंप मच गया। एडीआरएम रवि चतुर्वेदी व कैंट स्टेशन निदेशक आनंद मोहन पहुंचते ही रात में करीब 9.30 बजे कोटा-पटना एक्सप्रेस को पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजारकर आवागमन शुरू कराया। 17 जनवरी को वरुणा एक्सप्रेस, सुल्तानपुर पैसेंजर और मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन रद कर दी गई है। एडीआरएम रवि चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे की जांच को डीईएन, एओएम, एईएन को निर्देशित किया गया है।
इन ट्रेनों को गुजार गया बदले मार्ग से
हादसे के बाद गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस को सिटी औड़िहार से गुजारा गया। कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस व गुरुमुख एक्सप्रेस, अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस, फिरोजपुर कैंट-धनबाद गंगासतलज एक्सप्रेस, लखनऊ-पीडीडीयू एकात्मता एक्सप्रेस प्रतापगढ़ रूट से आईं।
गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस जाफराबाद-जंघई रूट से गई। छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस छपरा-औड़िहार-जौनपुर-फैजाबाद के रास्ते गई। सुल्तानपुर पैसेंजर को जौनपुर में ही रोक दिया गया। घटना के समय वाराणसी से नई दिल्ली जा रही महामना एक्सप्रेस को वीरापट्टी में रोककर रखा गया तो दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस को खालिसपुर में रोका गया।