Fog Alert: तीन घंटे का सफर 13 घंटे में, कोहरे ने बिगाड़ी विमानों की चाल, रोजाना देर हो रही उड़ानें; परेशानी
Flight Crisis: वाराणसी में भी कोहरे के कारण आए दिन विमान यात्राएं प्रभावित हो रही हैं। लेट या कैंसिल हो जाने से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही हैं। यात्री इसको लेकर एक्स पर पोस्ट भी कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: कोहरे और ठंड के कारण बाबतपुर एयरपोर्ट पर लगातार विमान देर से पहुंच रहे हैं। यही नहीं विमानों को बिना पूर्व सूचना दिए रद्द करने के साथ ही डायवर्ट कर दिया जा रहा है। रद्द और डायवर्ट करने के बाद यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से सुविधाएं तो दी जा रहीं लेकिन उनका सफर 3 घंटे की बजाय 13-13 घंटों का हो जा रहा है। बृहस्पतिवार को रद्द और डायवर्ट होने के बाद कई यात्रियों को ठंड में परेशान होना पड़ा।
बृहस्पतिवार को इस सीजन की सबसे अधिक ठंड और कोहरा था। दृश्यता शून्य थी। ऐसे में 18 उड़ानें रद्द, 20 डायवर्ट और 52 उड़ानें देर से पहुंची थीं। सबसे अधिक दिल्ली की 18 उड़ानें देरी से पहुंचीं। बृहस्पतिवार को मौसम खराब होने के कारण शारजाह से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया की उड़ान आईएक्स 184 को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया था। इससे लखनऊ पहुंचे यात्रियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।
शारजाह से वाराणसी का यह सफर ऐसे तो 4 घंटे 40 मिनट का होता है लेकिन बृहस्पतिवार को यात्रियों ने इस सफर को 13 घंटे में पूरा किया। यही नहीं कुछ यात्रियों को 24 घंटे भी लगे। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मौसम की खराबी को देखते हुए विमान डायवर्ट किया गया था। ऐसे में विमानन कंपनी की जिम्मेदारी है कि यात्रियों की सुविधा का पूरा खयाल रखा जाए।
यात्रियों की शिकायत, डायवर्जन की नहीं मिल रही जानकारी
डायवर्ट होने और रद्द होने के साथ ही देर से पहुंचने वाले विमानों का ब्यौरा एयरलाइंस कंपनियों को यात्रियों को देना होता है। लेकिन कंपनियां ऐसा नहीं कर रहीं और यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। यात्री एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ-साथ एक्स पर इसकी शिकायत कर रहे हैं।
शुक्रवार को दरभंगा की जगह वारणसी डायवर्ट हुआ इंडिगो का विमान
इंडिगो एयरलाइंस का विमान संख्या 6ई-116 शुक्रवार को हैदराबाद से दरभंगा जा रहा था। खराब मौसम के कारण दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। इसके चलते विमान को बाबतपुर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। विमान ने दोपहर 2:37 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में कुल 166 यात्री सवार थे। मौसम सामान्य होने का इंतजार करने के बाद करीब दो घंटे पश्चात स्थिति में सुधार होने पर विमान ने दरभंगा के लिए पुनः उड़ान भरी।
यात्रियों की शिकायत
शारजाह से वाराणसी के लिए बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या आईएक्स 184 से उड़ान भरी। विमान को शाम 4.40 बजे बाबतपुर पहुंचना था। मौसम की खराबी के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट हुआ। लखनऊ में एयरलाइंस की ओर से वाराणसी तक बस सेवा मिली। शुक्रवार को सुबह 6.30 बजे घर पहुंचा। - अमित दुबे, यात्री
शारजाह से वाराणसी के लिए बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या आईएक्स 184 से उड़ान भरी। विमान को शाम 4.40 बजे बाबतपुर पहुंचना था। मौसम की खराबी के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट हुआ। लखनऊ में एयरलाइंस की ओर से आजमगढ़ तक बस सेवा मिली। शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे घर पहुंचा। - अनुप, यात्री