सपा नेता के घर फायरिंग: 17 पर FIR, एक गिरफ्तार, चार पर 25-25 हजार का इनाम; इलाके में पुलिस तैनात
Varanasi News: वाराणसी जिले के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मीरघाट स्थित सपा नेता विजय यादव के घर पर चढ़कर युवकों ने गोली चलाई थी। इस दौरान छह लोग गोली लगने से घायल हो गए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सपा नेता के परिजनों के साथ मुहल्ले के लोगों से पूछताछ की थी।
विस्तार
विश्वनाथ धाम से चंद कदम दूर मीर घाट के एक घर में फायरिंग और हमले के मामले में नामजद चार आरोपियों पर डीसीपी काशी जोन ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। बदमाशों में सूजाबाद पड़ाव का साहिल यादव, मच्छोदरी में रहने वाला पूर्व पार्षद अंकित यादव और शीतला गली निवासी शिवम शर्मा व उसका भाई शोभित शर्मा का नाम शामिल है।
उधर, इससे पहले रविवार को घटनास्थल से पकड़ा गया रामघाट निवासी गोविंद यादव सोमवार को जेल भेजा गया। जबकि, मौके से ही पकड़े गए कल्लू यादव की घटना में संलिप्तता न मिलने पर पुलिस ने उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया। वहीं, एहतियातन विजय यादव के घर के इर्द-गिर्द पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं।
दशाश्वमेध थाने के हिस्ट्रीशीटर और सपा नेता विजय यादव उर्फ विज्जू के अनुसार, उससे गुंडा टैक्स की मांग की जा रही थी। गुंडा टैक्स न देने पर रविवार दोपहर एक बजे गोविंद यादव, साहिल यादव, अंकित यादव, शिवम शर्मा व शोभित शर्मा और 12 अज्ञात लोग असलहे और धारदार हथियार से लैस होकर उसके घर में घुस गए।
आठ राउंड फायरिंग और हमले में परिवार के छह साल के बच्चे के साथ छह लोग घायल हुए हैं। डीसीपी काशी जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि अन्य आरोपी भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दशाश्वमेध थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम लगाई गई है।
खुलेगी हिस्ट्रीशीट, गैंगस्टर की भी कार्रवाई होगी
अति संवेदनशील विश्वनाथ धाम से चंद कदम की दूरी पर वारदात से आरोपियों को लेकर कमिश्नरेट की पुलिस सख्त है। पुलिस सभी नामजद आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस स्तर से नामजद आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
जेसीपी से विजय की सुरक्षा की मांग की
सपा नेता विजय यादव की सुरक्षा को लेकर सपाई सोमवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन से मिले। विजय यादव ने कहा कि उन्होंने पहले भी प्रार्थना पत्र देकर हमले का अंदेशा जताया था, मगर पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो शायद इतना बड़ी घटना न होती।
विजय ने कहा कि बदमाशों को भाजपा के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान ने कहा कि धाम से चंद कदम की दूरी पर घटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल है। परिवार के सदस्य दहशत में हैं।
सपा नेताओं ने विजय को जल्द से जल्द सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी दंडित हो चुके हैं। कार्रवाई की निगरानी खुद कर रहा हूं। आरोपी पकड़े जाएंगे और विजय यादव को सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी।