Varanasi News: कपड़े की दुकान पर बेच रहा था पटाखे, भारी मात्रा में फायर क्रैकर्स बरामद; रपट दर्ज
वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर निगरानी कर रही है कि अवैध तरीके से पटाखे न बेचे जाएं। इसी क्रम में भेलूपुर पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।
विस्तार
वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखा बरामद किया है। भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक कपड़े की दुकान पर छापा मारा तो सभी सन्न रह गए। कमरे के अंदर छिपाकर पटाखों की बोरियां रखी गई थीं।
दीपावली से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भेलूपुर थाना क्षेत्र के दशमी इलाके में कपड़े की दुकान से छापेमारी करते हुए अवैध पटाखा बरामद किया गया है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दशमी इलाके में एक कपड़े की दुकान में अवैध रूप से पटाखे का भंडारण किया गया है।
सूचना की पुष्टि करने के लिए एसीपी ने सादे कपड़ों में सिपाहियों को भेजकर तस्दीक कराई। जानकारी सही मिलने पर थाने से पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दुकान से 3.5 क्विंटल पटाखा बरामद हुआ, जिसे कब्जे में लेकर थाने भेजा गया है।
दुकान संचालक संजय गुप्ता को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि खोजवा इलाके में कपड़े की दुकान में अवैध रूप से पटाखे का भंडारण कर रखा है और बिक्री की जा रही है। सारे पटाखे को सीज कर दिया गया है। पटाखों का वजन 3.50 कुंतल के ऊपर है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि कहा से और कैसे इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे लाए थे।
कैंट पुलिस ने की कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद
दीपावली से पूर्व अवैध पटाखों पर कार्रवाई के बीच कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा गार्डन अपार्टमेंट में गुरुवार शाम चौंकाने वाला मामला सामने आया। अपार्टमेंट के कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि समिति का एक सदस्य परिसर में अवैध रूप से पटाखे रखकर बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट की पार्किंग से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने इन पटाखों को 'लावारिस' हालत में मिलने की बात कही है, जबकि आरोपी समिति सदस्य के खिलाफ फिलहाल कोई स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। कैंट प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि मौके पर कोई मिला नहीं है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.