गाजीपुर में कूलर फैक्ट्री में लगी आग, तीन किलोमीटर दूर तक नजर आई लपटें और धुआं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के सुहवल थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के पास कूलर फैक्ट्री में बृहस्पतिवार की भोर में पांच बजे अबूझ हाल में आग लग गई। इस हादसे में वहां रखे पांच हजार कूलर समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए।
पांच घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें और धुआं तीन से चार किमी दूर तक नजर आ रहा था । वहीं फैक्ट्री के बगल में स्थित बस्ती को एहतियातन खाली करा लिया गया था। करीब ढाई करोड़ की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
ताड़ीघाट गांव निवासी संतोष सिंह की ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के पास कूलर बनाने की फैक्ट्री है। रात में फैक्ट्री में तैनात मजदूर खाना खाने के बाद परिसर में दूसरी तरफ सो रहे थे। सुबह पांच बजे फैक्ट्री से अचानक धुआं उठने लगा। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते आग विकराल हो उठी। लपटें देख हड़कंप मच गया। ग्रामीण हैंडपंपों एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्था से आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को वहां से हटाया गया। करीब दो घंटे बाद पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से सुबह दस बजे तक आग पर काबू पाया। आग की सूचना पर ताड़ीघाट-मऊ रेल परियोजना के निर्माण में जुटी कार्यदायी संस्था एसपी सिंग्ला कंस्ट्रक्शन एवं जीपीटी इंफ्रा प्रोजेक्ट के कर्मी भी पानी से भरे कई टैंकर लेकर घटनास्थल पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटे रहे।
वहीं आग लगने के बाद फैक्ट्री के बगल में स्थित बस्ती को सुरक्षित बचाए रखने के लिए एहतियातन खाली करा लिया गया था। बस्ती के विभिन्न मकानों पर पानी का छिड़काव किया जाता रहा। ताकि वहां आग न पहुंच सके। पीड़ित संतोष ने बताया कि आग किन कारणों लगी यह पता नहीं चला। लेकिन आग से पांच हजार कूलर, एक मैजिक वाहन, जेनरेटर, एक लाख नकदी, महत्वपूर्ण कागजात, दर्जनों टेबुल, कुर्सी सहित अन्य सामान जल गए। करीब ढाई करोड़ की क्षति पहुंची है।
कूलर फैक्ट्री में आग पर काबू पा लिया गया है। इसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पीड़ित ने लिखित सूचना थाने में दी है। - योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक