Varanasi News: वित्त आयोग की टीम ने देखी 250 साल पुरानी साड़ी पर हुई कारीगरी, काशी का किया भ्रमण
Varanasi News: काशी दौरे पर आए 16वें केंद्रीय वित्त आयोग के चेयरमैन के साथ आयोग के 15 सदस्यीय दल ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किया। साथ ही ओडीओपी केंद्र के रूप में बनारसी सिल्क केंद्र पहुंचकर साड़ी बनने की प्रक्रिया को देखी।
विस्तार
मुमुक्षु भवन में वृद्ध जनों को चेयरमैन सहित आयोग के सदस्यों ने सामग्री वितरित की। आयोग के सदस्यों ने चौकाघाट स्थित ओडीओपी केंद्र के रूप में बनारसी सिल्क केंद्र, पनाया पहुंच कर बनारसी साड़ी के बनने की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली।
इस दौरान लोगों ने पनाया परिसर में ही हथकरघा पर बुनाई किए जा रहे बनारसी साड़ी, स्टूल, दरी एवं अन्य सामग्रियों का बारीकी से अवलोकन किया और उसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने मौके पर काम कर रहे कारीगरों से भी बातचीत की।
आयोग के लोगों को यहां पर तैयार किए गए बनारसी साड़ी, लेडीज सूट आदि अनेक वैरायटी के हथकरघा पर बनाए गए सिल्क के अनेक परिधान दिखाए गए। हथकरघा पर बनाए जा रहे जरी आदि के अनेक कार्यों को देख आयोग के लोग हतप्रभ रहे।
इस दौरान विशेष रूप से 250 वर्ष पूर्व हाथों से बनाए गए बनारसी साड़ी पर जरी के किए गए कार्यों को भी दिखाया गया। इसके बाद पिंडरा विकासखंड के ग्राम सभा रसूलपुर का दौरा कर वहां पर कराए गए विकास कार्यों को देखा।
रसूलपुर में निरीक्षण के दौरान आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने अमृत सरोवर, ग्राम सचिवालय को भी देखा। इसके बाद सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर स्टेडियम परिसर के आउटडोर में वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्वीमिंग पूल, टेनिस कोर्ट के अलावा बनाए गए एथलेटिक्स ट्रैक आदि नवीन कार्यों का जायजा लिया।
इसके बाद नमो घाट को भी देखा। इस दौरान अमिता पनगढ़िया, अन्नी जार्ज माथव, मनोज पांडा, पुष्पांजलि पांडा, सौम्या कांति घोष, रित्विक पांडे, राहुल जैन, राघवेंद्र सिंह, कुमार विवेक, आशुतोष अवस्थी, अभय मित्तल, निकिता जैन मौजूद रहे।