प्रेम प्रपंच में मारपीट: दो राउंड फायरिंग, आरोपी को पकड़कर ग्रामीणों ने पीटा, गिरफ्तार; दबिश दे रही पुलिस
Varanasi News: गोली चलने की सूचना मिलते ही माैके पर चोलापुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही उसके साथियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई।
विस्तार
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक की नौबत आ गई। अजगरा चौकी अंतर्गत हथियर गांव में शनिवार को हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, हालांकि गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, हथियर गांव निवासी अरुण कुमार यादव के भतीजे अरविंद उर्फ गोलू का खरदहा गांव के कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। यह विवाद एक युवती से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर बताया जा रहा है। शनिवार को खरदहा गांव से तीन बाइकों पर सवार होकर करीब सात युवक हथियर गांव पहुंचे थे। पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन जल्द ही मामला गरमा गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक ने अवैध असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान एक गोली आशीष यादव की ओर आई, जो पास में रखी एक ईंट में जा लगी। इससे वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद हमलावर युवक भागने लगे, लेकिन इसी बीच एक युवक अवनीश यादव की बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाकी आरोपी दो राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में अरुण यादव ने खरदहा निवासी अमन यादव, अवनीश यादव समेत पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (आईपीएस) मानसी दहिया ने बताया कि फायरिंग की घटना हुई है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।