यूपी: परिवार को कमरे में बंद कर तसल्ली से खंगाला घर, तीन लाख के जेवर समेत कीमती ले गए चोर
गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के चीऊटहां गांव में चोरों ने बुधवार की रात एक मकान को निशाना बनाया। दरवाजा निकालकर घर में प्रवेश कर गए और जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसे बाहर से बंद कर दिया।
इसके बाद बारी-बारी से पूरे घर को खंगालने के साथ लाखों के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर रात के अंधेरे में फरार हो गए। पीड़ित सतीश गुप्ता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। गुरुवार की सुबह सिवान में अटैची और अन्य सामान फेंका मिला।
इलाके के चीऊटहां गांव निवासी सतीश गुप्ता का परिवार देर शाम भोजन करने के बाद एक कमरे में सो रहा था। देर रात चोर ने उनके मकान के बाहर के दरवाजे का कुलाबा निकाल कर घर में घुस गए और परिजनों के साथ सो रहे घर के मुखिया को भी कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद तीन कमरों को बारी-बारी से खंगाला। चोरों ने आलमारी और बक्सा का ताला तोड़कर तीन लाख का आभूषण और दो हजार नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए।
उधर परिवार के एक सदस्य की नींद टूटी तो बाहर से दरवाजा बंद होने पर किसी अनहोनी की आशंका से चिल्लाने लगे। आस-पास के लोगों मौके पर पहुंचे और बाहर से दरवाजा खोला। जब पीड़ित परिवार ने तीनों कमरों में बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान मकान से कुछ दूरी पर अटैची और अन्य सामान भी बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द चिह्नित कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।