यूपी: महिला की मौत के बाद परिजनों ने रात में किया अंतिम संस्कार, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पति से विवाद के बाद महिला ने जहर खाकर जान दे दी। इस दौरान ससुराल के लोगों ने उसका रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। सुबह इसकी सूचना उन्हें उसके मायके वालों को दी। जब मायके वाले घर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर सोनकर बस्ती में फूला(36) पत्नी भगेलू परिवार के साथ रहती थी। बताया जाता है फूला का मायका जिला मुख्यालय स्थित अस्तुपुरा मोहल्ले में है। भगेलू ठेला लगाकर सब्जी बेचने का काम करता है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात जब भगेलू घर पहुंचा, तो उसने पत्नी से खाना मांगा। इस दौरान किसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों के बीच विवाद बढ गया।
विवाद के बाद में भगेलू बिना खाना खाए सो गया। दूसरी तरफ नाराज पत्नी ने जहर खा लिया। जहर का असर होने पर फूला पानी पीने के लिए घर के बाहर हैंडपंप के पास गई औप वहीं गिर पड़ी। गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए, तब तक महिला को उल्टियां होने लगीं। इस दौरान उसने परिजनों से जहर खाने की बात कही। फिर परिजनों से अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन उसकी वहीं मौत हो गई।
इस दौरान परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए रात में उसका उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सुबह होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को फूला की मौत की सूचना दी। इस दौरान मायके वाले घर पहुंच। जब उन्हें अंतिम संस्कार होने की बात पता चली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी।