UP News: वाराणसी में पकड़ा गया फर्जी आईपीएस अधिकारी, थानाध्यक्ष को दिखा रहा था धौंस, पुलिस कर रही पूछताछ
वाराणसी के चोलापुर थाने में पहुंचा एक शख्स खुद को आईपीएस अधिकारी बता रहा था।उसकी बातचीत की शैली से थानाध्यक्ष ने भांप लिया कि वह आईपीएस नहीं है। युवक को पकड़ कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह आईपीएस नहीं है।
विस्तार
खुद को आईपीएस बताकर वाराणसी के चोलापुर थाने में दहेज उत्पीड़न के एक मामले में समझौता कराने जाना और थानाध्यक्ष पर धौंस जमाना एक युवक को शुक्रवार को भारी पड़ गया। पुलिस फर्जी आईपीएस को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरैया जाल्हूपुर की एक युवती का विवाह बीते 25 मई को मोहिनीडीह गांव के एक युवक के साथ हुआ है। युवती का आरोप है कि जबसे वह ससुराल पहुंची है तभी से उसे मायके से बाइक मंगवाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रताड़ना से आजिज आकर उसने अपने मां-बाप को ससुराल वालों की बाइक की मांग के बारे में बताया।
युवती के मां-बाप उसके ससुराल पहुंचे तो वहां दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। इस पर युवती व उसके पति को उसके ससुर व जेठ ने घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद युवती अपने पिता के साथ चोलापुर थाने गई और दहेज उत्पीड़न की शिकायत की। इसी बीच युवती के पति का मौसेरा भाई भानपुर गरथमा निवासी युवक खुद को आईपीएस बताते हुए चोलापुर थानाध्यक्ष को फोन किया।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया, फिर वायरल किया अश्लील वीडियो
फोन पर नहीं बनी बात तो थाना पहुंचा युवक
खुद को आईपीएस बताने वाले युवक का थानाध्यक्ष से कहना था कि प्रकरण में मुकदमा न दर्ज किया जाए और समझौता करा दिया जाए। फोन पर बात न बनते देख कर खुद को आईपीएस बताने वाला युवक चोलापुर थाने पहुंच गया। हालांकि उसकी बातचीत की शैली से चोलापुर थानाध्यक्ष ने भांप लिया कि वह आईपीएस नहीं है।
थानाध्यक्ष ने युवक को पकड़ कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह आईपीएस नहीं है। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि युवक से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आईपीएस बनकर उसने कोई और अपराध तो नहीं किया है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।