यूपी: बीएचयू में 7 अक्तूबर को जुटेंगे विशेषज्ञ व युवा, निवेश की समझ-सतर्कता का मंत्र देंगे दिग्गज; जानें खास
विश्व निवेशक सप्ताह के तहत बीएचयू में सात अक्तूबर को विशेष आयोजन होगा। सेबी और एनएसडीएल की पहल पर ‘संज्ञान’ हैकाथॉन में विशेषज्ञ और युवा जुटेंगे। युवा निवेश जागरूकता बढ़ाने के लिए तकनीकी समाधान तैयार करेंगे। कार्यक्रम में दिग्गज निवेश की समझ, जोखिम से बचाव और वित्तीय सतर्कता के टिप्स देंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक करना है।
विस्तार
निवेश के बढ़ते दायरे के बीच सही जानकारी के साथ समझदारी और सतर्कता से निवेश करना जरूरी है। बाजार के उतार-चढ़ाव, जोखिम और भ्रामक सूचनाओं के बीच निवेशकों को जागरूक और सक्षम बनाने के लिए विश्व निवेशक सप्ताह-2026 के तहत 7 अक्तूबर को बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में विशेष कार्यक्रम होगा।
‘इनवेस्टर रेजिलिएन्स’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में वित्तीय और नियामक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और युवा एक मंच पर जुटेंगे। ‘समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल’ संदेश के साथ होने वाले कार्यक्रम में निवेश से जुड़े सही ज्ञान, जोखिमों की समझ और जिम्मेदार निवेश की संस्कृति पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में सेबी के पूर्णकालिक सदस्य कमलेश चंद्र वार्ष्णेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं एनएसडीएल के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ विजय चंडोक विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं तक निवेश से जुड़ी सही और व्यावहारिक जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे भ्रामक सूचनाओं से बचते हुए निवेश संबंधी निर्णय ले सकें।
संज्ञान हैकाथॉन में युवा दिखाएंगे तकनीकी कौशल
विश्व निवेशक सप्ताह के तहत सेबी और एनएसडीएल की पहल पर आईआईटी(बीएचयू) की साइंस एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए ‘संज्ञान–इनवेस्टर रेजिलिएन्स हैकाथॉन’ आयोजित किया जा रहा है। इसमें युवा तकनीक और रचनात्मक सोच के माध्यम से ऐसे समाधान विकसित करेंगे, जो निवेश से जुड़े जोखिमों और नुकसान को कम करने, सही निर्णय लेने तथा निवेश से पहले जोखिम और संभावनाओं को समझने में मददगार हों।
हैकाथॉन के शीर्ष तीन विजेताओं को 7 अक्तूबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को कुल 1 लाख 70 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। हैकाथॉन में हिस्सा लेने के लिए इस वेबसाइट sangyan.sntciitbhu.co.in पर लॉग ऑन करें।
उतार-चढ़ाव के बीच कैसे रहें सतर्क, विशेषज्ञ करेंगे चर्चा
कार्यक्रम में ‘इनवेस्टर रेजिलिएन्स’ विषय पर विशेष पैनल चर्चा होगी। इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव और अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों के सामने आने वाली चुनौतियों, भ्रामक सूचनाओं से बचने के उपाय और दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों पर ध्यान बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। पैनल का संचालन अमर उजाला बोनस के संपादक अंशुमान तिवारी करेंगे।
आईआईटी-बीएचयू के पूर्व छात्र हैं विजय चंडोक
एनएसडीएल के एमडी एवं सीईओ विजय चंडोक के लिए यह आयोजन इसलिए भी खास है, क्योंकि वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) के पूर्व छात्र हैं। अपने संस्थान में लौटकर वह विद्यार्थियों के साथ वित्तीय जागरूकता, नवाचार और देश की आर्थिक विकास यात्रा में जिम्मेदार भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद करेंगे।
n निवेश में रुचि रखने वाले ले सकेंगे भाग : कार्यक्रम में विद्यार्थी, युवा, निवेशक और निवेश में रुचि रखने वाले लोग शामिल हो सकते हैं। आयोजन में विशेषज्ञों से संवाद, पैनल चर्चा और संज्ञान हैकाथॉन के विजेताओं का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहेगा। क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकता है।