धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के आयाम केसरिया भारत की ओर से महंगी शिक्षा के खिलाफ छात्र अभिभावक महापंचायत हुई। मुख्य वक्ता संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णा नंद पांडेय ने कहा कि महंगी शिक्षा आज सामाजिक समरसता के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। उन्हाेंने कहा कि महंगी शिक्षा के कारण एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे अलग-अलग विद्यालय में पढ़ने के लिए मजबूर हैं। शिक्षा का यह बाजारवाद आर्थिक विषमता बढ़ा रहा है। वक्ता गौरीश सिंह ने कहा महंगी शिक्षा से असंतुलन बढ़ रहा है। निजी स्कूलों की मनमानी ने समाज में गहरा असंतुलन पैदा कर दिया है। कार्यक्रम के अतिथि सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दुबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव और सरकारी विद्यालयों की उपेक्षा के कारण गांवों की प्रतिभाएं शहरों की ओर पलायन कर रही हैं। अनेक सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं। इससे शिक्षा का विकेंद्रीकरण और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की राष्ट्रीय सचिव प्रियंवदा मिश्रा ने की। महापंचायत में वाराणसी के साथ जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही और अन्य जिलों के लगभग 24 से अधिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन गौरव मिश्र ने किया। कार्यक्रम में उपेंद्र सिंह, शैलेंद्र पांडेय, हरिनाथ जी, महेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।