गाजीपुर-मऊ में आज से शुरू होगा बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर स्थगित यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य मंगलवार से मऊ जिले में दोबारा शुरू किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए बनाए गए सभी छह केंद्रों को सोमवार को सैनिटाइज किया गया। इसके साथ ही गाजीपुर जिले में भी बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन होगा।
मऊ जिले में यूपी बोर्ड की पांच लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना था। इसके लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए थे। ताकि समय के अंदर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा सके। मार्च माह में मूल्यांकन का कार्य शुरू किया गया। लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते मूल्यांकन कार्य ठप कर दिया गया था।
उस वक्त तक पांच लाख में से करीब 50 हजार कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका था। लॉकडाउन के बीच आज फिर से शासन के आदेश पर जिले में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। देखना है कि पहले दिन कितने शिक्षक केंद्रों पर पहुचते है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के लिए दो हजार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जो शिक्षक नही आएंगे, उन्हें पहले समझाया जाएगा। बाद में जरूरत पड़ने विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सामाजिक दूरी का कठोरता से होगा पालन
गाजीपुर जिला ऑरेंज जोन में है। यहां कोरोना का खतरा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इसी बीच आज से माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के कापियों का मूल्यांकन शुरू होगा। यह परीक्षकों के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। हालांकि इसके लिए अलग-अलग कुल छह केंद्र बनाए गए हैं।